सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today: molestation Accused Arrested Questions Raised Over Interrogation of Minors in Theft Case

Varanasi News Today: सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोपी गिरफ्तार समेत वाराणसी में अपराध की बड़ी खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 13 May 2026 01:48 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में क्राइम से जुड़ी कई खबरें चर्चा में रहीं।  इनमें चोरी प्रकरण में नाबालिगों से पूछताछ पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं पांच दिन से थाने पर बुलाने का आरोप लगाया गया है। वहीं पुरानी रंजिश में युवती के साथ मारपीट का एक मामला सामने आया है। पढ़ें- अन्य खबरें

Varanasi News Today: molestation Accused Arrested Questions Raised Over Interrogation of Minors in Theft Case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

चोरी प्रकरण में नाबालिगों से पूछताछ पर उठे सवाल

Trending Videos

चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां में एसओएस चिल्ड्रेन विलेज इंडिया में हुई चोरी की घटना अब विवादों में घिरती जा रही है। चोरी के खुलासे के नाम पर नाबालिग बच्चों को लगातार थाने बुलाकर पूछताछ के आरोप लगे हैं। लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि बच्चों को हिरासत में नहीं रखा गया है। उन्हें केवल पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।

बाल ग्राम में कार्यरत शिक्षा सहकर्मी राधा चौधरी दस दिन पहले अवकाश लेकर नई दिल्ली गई थीं। वापस लौटने पर उनके कमरे का सामान बिखरा मिला। आरोप है कि कमरे से सोने की चेन, 15 से 20 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज गायब थे। संस्था के अधिकारियों के साथ चौबेपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि संस्था प्रशासन की निशानदेही पर पुलिस ने तीन नाबालिग समेत कुछ को पूछताछ के लिए बुलाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


लोगों का कहना है कि पिछले पांच दिन से बच्चों को लगातार थाने बुलाया जा रहा है। बच्चों से पूछताछ के दौरान किशोर न्याय अधिनियम और बाल संरक्षण से जुड़े नियमों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। उधर, बाल अधिकारों की निगरानी करने वाली संस्थाओं और बाल कल्याण समिति की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय निदेशक शैली मित्तल ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जरूरी बैठक चल रही है, बाद में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोपी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वामी विवेकानंद के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोपी ओमप्रकाश बैरिया को चेतगंज पुलिस ने मंगलवार शाम गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर निवासी आरोपी की पत्नी भीम आर्मी की वाराणसी अध्यक्ष है। पत्नी के मोबाइल से ओमप्रकाश ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट किया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने सुबह प्राथमिकी दर्ज कराई कि आरोपी ओमप्रकाश बैरिया ने फेसबुक पर स्वामी विवेकानंद और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया है। पोस्ट के माध्यम से स्वामी विवेकानंद को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पैर से प्रहार करते दर्शाया गया है, जिससे असंख्य लोगों की धार्मिक, सामाजिक और वैचारिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग, दो पर प्राथमिकी
रामनगर क्षेत्र में सड़क निर्माण में व्यापक अनियमितता का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित और मलिन बस्ती विकास योजना के तहत इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण में धांधली को गंभीरता से लेते हुए डूडा ने दो ठेकेदारों के खिलाफ रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। फर्म के प्रोपराइटर विनेश कुमार कुशवाहा और अंकुर कुशवाहा पर घटिया सामग्री का प्रयोग, विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप है। डूडा के निर्माण खंड-3 के अधिकारी अमर चंद गुप्ता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि रामनगर के रामपुर में पारस नाथ गुप्ता के आवास से कमल कुमार वर्मा के आवास तक सड़क का निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य का ई- निविदा से कानपुर की फर्म ‘’मेसर्स अवी इंफ्राटेक’’ को दिया गया था। 

अवैध भूजल दोहन पर भोजूबीर के चार वाहन धुलाई सेंटर की बोरिंग सील
भूगर्भ जल विभाग और नगर निगम की ओर से मंगलवार को अवैध भूजल दोहन के खिलाफ अभियान चलाया गया। भोजूबीर के चार वाहन धुलाई सेंटर की बोरिंग सील की गई। तीन होटलों की जांच कैंट पर की गई। फ्लो मीटर लगवाने के लिए सात दिन का समय दिया गया। भूगर्भ जल विभाग की नोडल अधिकारी डॉ .नम्रता जायसवाल और संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार ने भोजूबीर तिराहे पर विक्की, चंदन, डब्लू और घनश्याम लाल की ओर से चलाए जा रहे 4 कार व बाइक धुलाई सेंटर पर कार्रवाई की। धुलाई सेंटरों की ओर से अवैध भूजल दोहन किया जा रहा था। इस कार्रवाई में वाहन धुलाई सेंटर पर बोरिंग पाई गई। जिसे भूगर्भ विभाग ने सील किया।  

कैंट स्टेशन के आसपास 13 करोड़ से 4 डॉरमेट्री और स्पोर्ट्स जोन बनेगा
काशी आने वाले पर्यटकों को कैंट स्टेशन के पास ही रहने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से 13 करोड़ की लागत से चार डॉरमेट्री बनाई जाएगी। अब तक केवल अस्थायी शेल्टर होम ही बनाया जाते थे। पक्के डॉरमेट्री का किराया भी कम रखा जाएगा। इसी प्रकार आगे लहरतारा कैंसर अस्पताल के पास स्पोर्ट्स जोन विकसित किया जाएगा। अंधरापुल से लहरतारा तक पाथवे होगा। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने लहरतारा- चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार हटाया गया था। यहां पर काशी आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

पुरानी रंजिश में युवती के साथ मारपीट
चौबेपुर क्षेत्र के धौरहरा बड़की बारी गांव में रंजिश में युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित अदालत निवासी धौरहरा बड़की बारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 10 मई की शाम पांच बजे गांव के ही दीपक कुमार, सीता और संध्या उसके दरवाजे पर पहुंचे और बिना वजह गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी बेटी नीतू कुमारी को लाठी से मारकर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

गंगा में डूब रही बच्चियों को मल्लाहों ने बचाया, वीडियो वायरल
मणिकर्णिका कुंड के पास गंगा में स्नान करने के दौरान मां, बेटी समेत छह लोगों को मल्लाहों ने मंगलवार सुबह 11.30 बजे डूबने से बचाया। पूछताछ में सामने आया कि मां, तीन बेटियां व बेटा करीब 11.30 बजे पहुंचे और स्नान करने लगे। ये नोएडा के निवासी हैं। स्नान के दौरान सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मणिकर्णिका घाट पर किशन निषाद टुल्लू ने बताया कि स्नान के दौरान सभी को मना किया गया कि आगे खतरा है। लेकिन ये लोग माने नहीं और स्नान करते वक्त आगे बढ़ गये और डूबने लगे। ये देख मौके पर छह मल्लाहों ने गंगा से बचाकर निकाला। मल्लाहों ने बताया कि सभी लोग तुरंत वहां से निकल गए। मल्लाहों के बचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। 

शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती से शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने और धमकी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अजीत के खिलाफ पीड़िता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज थी। आरोप है कि अजीत ने युवती को शादी का भरोसा दिया था। उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि आरोपी को मंगलवार दोपहर 1 बजे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।  

युवती को ब्लैकमेल कर परेशान करने वाले पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा में किराये पर रहने वाली नरही बलिया निवासी युवती की शिकायत पर पुलिस ने शेरपुर गाजीपुर निवासी सत्यम राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार ब्लैकमेल और परेशान कर रहा था। आरोपी कथित तौर पर धमकी दे रहा था कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह युवती की निजी जानकारी, फोटो और वीडियो सार्वजनिक कर देगा। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पोस्ट करने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

प्रयागराज के युवक से मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
निषाद पार्टी की महारैली में शामिल होने आए प्रयागराज निवासी सुनील निषाद पर कचहरी में हमले और गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। प्रयागराज के चांदपुर सलोरी निवासी सुनील निषाद के अनुसार, एक मई को दोपहर दो बजे फॉर्च्यूनर गाड़ी से वाराणसी पहुंचे थे। आरोप है कि सर्किट हाउस के पास वाहन खड़ा कर कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय पहले से घात लगाए बैठे पूजा साहनी, गोपाल साहनी, सनथ गोपाल साहनी समेत आठ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उनके ड्राइवर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फॉर्च्यूनर गाड़ी में तोड़फोड़ करने का भी प्रयास किया। किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी और चालक की जान बचाई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

चाय लेने गए युवक के साथ मारपीट, तीन नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के चेतमणि चौराहे पर चाय और मक्खन लेने गए दो युवकों के साथ मारपीट के मामले में पीड़ित प्रफुल यादव निवासी लालपुर सोयेपुर की तहरीर पर आरोपी आकाश कुमार, आर्यन सिंह, चिराग सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पीड़ित के अनुसार, उनका भतीजा बीएचयू के बाल रोग विभाग में भर्ती है। सोमवार को भतीजे के पिता सुभाष चंद्र के साथ चेतमणि चौराहे पर चाय और मक्खन लेने गए थे। आरोप है कि वहां आरोपी अपने साथियों के साथ सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान बिना किसी बात के गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। दोनों लहूलुहान हो गए। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  
 
बंद मकान से लाखों की चोरी, सीमा विवाद में चार दिन भटकता रहा
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के गोईठहां में चोरों ने बंद मकान को खंगाल कर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया। घटना उस समय हुई जब परिवार शादी में शामिल होने आजमगढ़ गया था। घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित का आरोप है कि सीमा विवाद के चलते उसे चार दिनों तक थाना और चौकी के चक्कर लगाने पड़े। महुआरी खरिहानी आजमगढ़ निवासी सीमांत सिंह गोईठहां में परिवार के साथ रहते हैं और निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। पुलिस को बताया कि सात मई को वह अपने मामा के बेटे के तिलकोत्सव में शामिल होने परिवार के साथ आजमगढ़ गए थे। दो दिन बाद जब वह लौटे तो घर का मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। पीड़ित के मुताबिक, चोर घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।  

कालोनी में खड़ी तीन गाड़ियों में तोड़फोड़, मकान में फेंके ईंट पत्थर
सुंदरपुर नेवादा के कैलाशपुरी कॉलोनी में सोमवार रात घर के बाहर खड़ी तीन कारों में अराजकतत्वों ने तोड़फोड़ की। कार के शीशे और बंफर क्षतिग्रस्त कर दिए। एक मकान में भी ईंट पत्थर फेंके। सीसी कैमरे में घटनाक्रम कैद है। पीड़ित ने चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। रामेश्वर सिंह ने पुलिस को बताया कि कार के शीशा को ईंट पत्थर से तोड़ा गया। निशी पटेल के मकान में ईंट पत्थर फेंके गए। सीसी कैमरे में तीन युवक चिन्हित हुए हैं। आरोपियों ने गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। 

युवक को कार सवारों ने पीटा, प्राथमिकी दर्ज
लहरतारा में कोटेदार के यहां कार सवार मनबढ़ों ने आदर्श सरोज उर्फ धीरज की पिटाई कर दी। पीड़ित ने मंडुवाडीह थाने में मंगलवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बौलिया पसियाना गली निवासी पीड़ित आदर्श सरोज ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन के साथ कोटेदार के यहां गया था। इस बीच कार सवार 6 से 7 लोग पहुंचे और अकारण पिटाई करने लग गए। गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। 

प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को पुलिस आयुक्त ने दिए उत्कृष्ट पुलिसिंग के गुरुमंत्र
48वीं इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स के प्रशिक्षु आईपीएस ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से कैंप कार्यालय में मुलाकात की। पुलिस आयुक्त ने सेवा अनुभव साझा करते हुए उत्कृष्ट और आधुनिक पुलिसिंग के संबंध में मार्गदर्शन किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण सेवा जीवन का स्वर्णिम काल होता है, जो आत्मबल, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान का निर्माण करता है। प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की प्रशासनिक संरचना, यातायात प्रबंधन, डॉयल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली व वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया। साथ ही सावन, देव दीपावली व कुंभ मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस व जनसेवा के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।  

चांदपुर चौराहे पर तार टूटने से बिजली गुल
गर्मी बढ़ते ही एक बार फिर से बिजली की आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। शहर से लेकर गांव तक ट्रिपिंग भी हो रही है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी, इसका कोई शेड्यूल नहीं है। मंगलवार शाम चांदपुर में हाइटेंशन तार टूट गया तो नरिया में ट्रांसफार्मर में खराबी से बिजली गुल रही। रानीपुर, कंदवा, चितईपुर, विवेकानंदपुरी कालोनी, भिखारीपुर में सोमवार रात 10 बजे से कटी बिजली चार घंटे बाद किसी तरह आई, लेकिन मंगलवार भोर तक आना जाना लगा रहा। मई के पहले सप्ताह में मौसम खुशनुमा होने की वजह से खपत भी सामान्य से कम हो गई थी। दो दिन से तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। इस बीच बिजली कटौती फिर से हो रही है। महमूरगंज के रानीपुर में सोमवार रात 11 से 12 बजे के बीच तीन बार बिजली आई और गई। मंगलवार शाम को भी रानीपुर में ट्रिपिंग खूब हुई। मंगलवार शाम 6 बजे चांदपुर चौराहे पर हाइटेंशन तार टूट कर गिर गया। बीच सड़क तार गिरने की सूचना लोगों ने बिजली उपकेंद्र को दी तो तुरंत बिजली काटी गई। 1 घंटे चांदपुर चौराहे के आसपास की कॉलोनी में बिजली गुल रही। बड़ागांव के बिराव सोनहीं फीडर से जुड़े चंगवार गांव में मंगलवार सुबह तार टूटकर गिरने से गांवों में बिजली गुल रही। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed