काशी विद्यापीठ: 70 जूनियर और सीनियर छात्रों में हुई पत्थरबाजी, दो घायल; छात्रावास में असलहा लहराने का आरोप
Varanasi News: काशी विद्यापीठ के आंबेडकर छात्रावास में छात्रों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान दो छात्रों को हल्की चोटें आईं। पुलिस अब इस मामले में अराजकता फैलाने वालों की पहचान करने में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आंबेडकर छात्रावास में जूनियर और सीनियर के बीच रैगिंग को लेकर मंगलवार दोपहर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। आंबेडकर छात्रावास में असलहा तक लहराया गया। पत्थरबाजी में दो छात्रों को हल्की चोटें आईं। सिगरा पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। सीसी कैमरे और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों को विश्वविद्यालय प्रशासन चिह्नित कर रहा है। काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय परिसर के आंबेडकर छात्रावास में जूनियर और सीनियर के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है।
जूनियर छात्रों का आरोप है कि सीनियर आए दिन उत्पीड़न करते हैं। एक दिन पहले पूर्व भी सीनियरों ने प्रताड़ित किया। वार्डेन समेत विवि प्रशासन से शिकायत की गई। बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। दोपहर में जूनियरों ने हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के 15 से 20 की संख्या में छात्रों को बुलवा लिया। इधर, छात्रावास के सीनियर समेत 50 की संख्या में छात्र आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से पत्थरबाजी और मारपीट हुई।
सीनियरों की संख्या अधिक होते देख बाहरी छात्र भाग खड़े हुए। समूह में छात्रों के आंबेडकर छात्रावास के आसपास जुटने और मारपीट की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत सिगरा पुलिस को दी। विद्यापीठ चौकी पुलिस के चार पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन छात्रों के तल्ख माहौल को देख और फोर्स बुलवा लिया।
इसे भी पढ़ें; NEET UG Paper Leak: नीट यूजी रद्द होने के विरोध में वाराणसी के छात्रों का प्रदर्शन, व्यवस्था पर उठाए सवाल
सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे तो उपद्रवी छात्र भाग खड़े हुए। अन्य छात्रों को पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। छात्रों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने छात्रावास में असलहा भी लहराया।
सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आंबेडकर छात्रावास के जूनियरों और सीनियरों में विवाद हुआ। असलहा लहराने वाली बात निराधार है। विवि प्रशासन से कहा गया है कि अराजकता फैलाने वाले छात्रों को नोटिस जारी करें। फिलहाल थाने पर किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। विद्यापीठ चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया गया है कि कैंपस में पूरी सतर्कता बरतें।
कुलपति बोले
छात्रों के बीच मारपीट हुई है। बाद में छात्रों ने आपस में सुलह समझौता कर लिया। मामले में सिगरा पुलिस को विवि प्रशासन की ओर से लिखित जानकारी दी जाएगी। ताकि दोबारा इस तरह की घटनाएं न हो। प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए निर्देशित किया गया है। -प्रो. एके त्यागी, कुलपति, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ
मुख्यमंत्री तक जता चुके हैं नाराजगी
काशी विद्यापीठ में छात्रों के बीच मारपीट और असलहा लहराने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी छात्रों के बीच मारपीट में हवाई फायरिंग और असलहा लहराए गए। मुख्यमंत्री ने कमिश्नरेट पुलिस को निर्देशित किया था कि इस तरह की अराजकता फैलाने वालों की पहचान करें।