सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Three Dead Tourists Drowning in Ganges Rescued Bike Stolen in Broad Daylight

Varanasi Top News: वाराणसी में तीन की मौत, गंगा में डूब रहे पर्यटकों को बचाया; दिनदहाड़े बाइक चोरी; बड़ी खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Mon, 20 Apr 2026 12:48 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में तीन मौतें हुईं। मैजिक-ट्रक की टक्कर में किशोर की मौत हुई, वहीं विषैले जंतु के डसने से महिला की और चाकूबाजी में घायल युवक की मौत हुई। उधर, गंगा में डूब रहे तीन लोगों को बचाया गया। पढ़ें- अन्य प्रमुख खबरें

Varanasi Top News Three Dead Tourists Drowning in Ganges Rescued Bike Stolen in Broad Daylight
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मैजिक-ट्रक की टक्कर में किशोर की मौत, तीन घायल

Trending Videos

जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर कट के पास रविवार भोर करीब 3 बजे मैजिक और ट्रक की टक्कर में चपेट में आए सनी यादव उर्फ शुभम यादव (16) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।

जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन राजातालाब से विवाह समारोह से लौटकर हरहुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने मैजिक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक में सवार सनी यादव उर्फ शुभम यादव, निवासी भोजूबीर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाथी बाजार भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला को विषैले जंतु ने डंसा, मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर ग्राम पंचायत निवासी 62 वर्षीय हीरावती देवी, पत्नी रामाश्रय की शनिवार शाम विषैले जंतु के डंसने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे हीरावती देवी अपनी झोपड़ी में रखी दवा लेने गई थीं। इसी दौरान झोपड़ी में किसी विषैले जंतु ने उन्हें डंस लिया। उन्होंने परिजनों को बताया कि किसी जंतु ने डंस लिया है, लेकिन परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना चौबेपुर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि लिखित सूचना के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

चाकूबाजी में घायल युवक की मौत
कैंट थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में घायल चाय दुकानदार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ा दी है। एहतियातन पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। भीमनगर सूअर बड़वा इलाके में सड़क किनारे चाय-बिस्किट की दुकान चलाने वाले उजाला पर 14 अप्रैल की रात गोलू नामक युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल उजाला को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का मुख्य आरोपी गोलू ने शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस अब उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: अमित, दिवेश और अभिनव समेत छह आरोपियों पर चार्जशीट तैयार, शुभम जायसवाल का खपाया था पैसा

शिवाला घाट पर गंगा में डूब रहे दक्षिण भारत के तीन पर्यटक बचाए गए, इनमें दो युवतियां
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट पर रविवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा बच गया। दक्षिण भारत से आए पर्यटकों के एक समूह के तीन सदस्य गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद मल्लाहों व जल पुलिस की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।आंध्र प्रदेश से आए करीब 15 सदस्यीय पर्यटकों का दल रविवार को गंगा स्नान के लिए शिवाला घाट पहुंचा था। स्नान के दौरान समूह की दो युवतियां, अनुषा प्रिया (22) और चिन्नी पैरो (20), अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके साथ आए एसवी पंडा (50), निवासी काशी बुग्गा, श्रीकाकुलम, भी गंगा की तेज धारा में फंसकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसी बीच वहां तैनात जल पुलिस के दीवान श्याम सुंदर यादव व स्थानीय मल्लाहों, सुरेश माझी, दिलीप साहनी, भुवल साहनी और पंकज साहनी बचाव के लिए पानी में उतरे। दूसरी तरफ गंगा में मौजूद एक नाव पर सवार कुछ मल्लाहों ने भी छलांग लगाई और डूब रहे तीनों के पास पहुंचकर बचाव किया।सभी ने मिलकर पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कुछ मिनट और देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और बचाव दल की सराहना की। बचाए गए तीनों पर्यटकों की हालत सामान्य बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
 
उमरहा बाजार से दिनदहाड़े बाइक चोरी, सीसी कैमरे में कैद हुए दो आरोपी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित उमरहा बाजार में दिनदहाड़े बाइक चोरी हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।

ग्राम पंचायत उकथी नई बस्ती निवासी पप्पू प्रजापति उमरहा बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सतीश कुमार सिंह के मकान में टाइल्स लगा रहे थे। उन्होंने अपनी बाइक गेट के पास खड़ी कर दी थी और काम में लग गए। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। चोरी गई बाइक उनके भाई पुनवासी प्रजापति के नाम पंजीकृत है।

पास में लगे सीसी कैमरों की जांच में दो युवक दिखाई दिए। इनमें से एक युवक हेलमेट पहने हुए मास्टर चाबी की मदद से बाइक स्टार्ट करने का प्रयास करता है। तीन बार असफल रहने के बाद चौथे प्रयास में वह बाइक स्टार्ट कर भाग निकलता है। पीड़ित पप्पू प्रजापति ने चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर देकर सीसी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। चौकी प्रभारी चिरईगांव को जांच सौंपी गई है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।  

चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे चार युवक
कैंट थाना क्षेत्र के इमलिया घाट पुल पर रविवार दोपहर गाजीपुर से आ रही कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। कार में सवार चार युवक समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कार से अश्वनी कुमार अपने तीन दोस्तों के साथ वाराणसी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान वाहन में तकनीकी खराबी का एहसास होने पर उन्होंने इमलिया घाट पुल पर गाड़ी रोक दी। बोनट खोलकर जांच ही कर रहे थे कि अचानक आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया और जली हुई कार को क्रेन से हटवाकर वर्कशॉप भेज दिया। घटना के चलते कुछ देर के लिए पुल पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कार सवार सभी युवक गाजीपुर के निवासी हैं। आग लगने की वजह प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी सामने आई है।

शॉर्ट सर्किट से झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमना में रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। हादसे में झोपड़ी में रखा गेहूं, भूसा, चारपाई, गद्दा, इलेक्ट्रॉनिक पंखा, साइकिल सहित अन्य गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। रमना निवासी मनीष राजभर की झोपड़ी के ऊपर से विद्युत केबल गुजर रहा था। अचानक केबल में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी झोपड़ी पर गिर गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। दोपहर का समय और तेज हवा होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी और मटकों में पानी लेकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस संबंध में नायब तहसीलदार जाल्हुपुर शैलेंद्र ने बताया कि सर्किल लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। 
 
जेसीबी व वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप, प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा इलाके में मकान ध्वस्तीकरण के दौरान हुए विवाद में जेसीबी व वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के संबंध में मयंक भार्गव की तहरीर पर पड़ोसी प्राण नाथ गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित के अनुसार, शनिवार की रात वह अपना मकान तुड़वा रहा था। इसी दौरान आरोपी अपने मकान की छत पर चढ़ गया और ईंट-पत्थरों से हमला करने लगा। इस हमले में मौके पर मौजूद मजदूरों के साथ-साथ उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी ने जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंककर उसे भी नुकसान पहुंचाया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

मारपीट में टूटा हाथ
चोलापुर क्षेत्र के आयर गांव में शनिवार शाम आपसी विवाद के बाद मारपीट में एक व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित राधेश्याम गोड़ ने आरोप लगाया कि गांव के ही सरफराज उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

कूलर लगाने को लेकर विवाद, रॉड से हमले में तीन घायल
चोलापुर क्षेत्र के गहनी गांव में कूलर लगाने के दौरान हुए विवाद में रॉड से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया गया। पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। राजेश कुमार के अनुसार, शनिवार देर शाम उनका भतीजा रजत कुमार और साहिल कुमार मकान के पीछे कूलर लगा रहे थे। इसी दौरान पट्टीदार पक्ष के संजय, विशाल कुमार और विकास कुमार वहां पहुंच गए और रॉड से हमला कर दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

मंदिर में मूर्ति खंडित होने से बढ़ा आक्रोश, पुलिस ने कराया ठीक
लक्सा थाना क्षेत्र के नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पीछे बने एक मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को ठीक कराया। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

मंदिर के पुजारी के अनुसार, शनिवार रात तक मंदिर परिसर में सब कुछ सामान्य था। रविवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर में स्थापित बाबा की मूर्ति का चेहरा हल्का-सा टूटा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से वार्ता की। इस दौरान सीसी कैमरों की जांच की गई। पुलिस की मौजूदगी में अधिकारियों की उपस्थिति में मूर्ति को ठीक कराया गया और विधि-विधान से पूजा-पाठ संपन्न कराया गया। क्षेत्रीय नागरिकों और समिति सदस्यों ने प्रशासन से मंदिर के आसपास सीसी कैमरे लगाने की मांग की है। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि सीसी कैमरों की जांच की जा रही है। 

अधिवक्ता से मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार रात अधिवक्ता वीर प्रताप शर्मा पर हुए हमले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल 2026 को रात 8:29 बजे भोजूबीर के पास कार धुलवाकर लौटते समय सामने से आ रहे कार चालक ने गाड़ी रोककर हॉकी से हमला कर दिया। आरोपी ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है। 

गाड़ी का शीशा तोड़ मारपीट करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट पार्किंग के पास एक फॉर्च्यूनर सवार युवक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में चार अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। लाहौरी टोला, दशाश्वमेध क्षेत्र निवासी यश कपूर ने आरोप लगाया कि वह रविवार भोर 4:30 बजे अस्सी घाट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार अज्ञात लोगों ने उनसे गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और ईंट से हमला कर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पीड़ित के अनुसार, जब वह वहां से निकलने लगे तो आरोपियों ने उनका पीछा किया और भेलूपुर क्षेत्र के पास फिर से उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

पिता की डांट से नाराज होकर बेटा घर से निकला, पुलिस ने खोजा

फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का किशोर पिता की डांट से नाराज होकर घर से भाग गया। देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजन कठिरांव चौकी पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने सर्विलांस और सीडीआर की मदद से किशोर की लोकेशन ट्रेस की, जो लखनऊ में मिली। स्थानीय पुलिस के सहयोग से 24 घंटे के भीतर किशोर को खोज लिया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि किशोर को परिजनों को सौंप दिया गया।  

जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर क्षेत्र के गौरडीह गांव में प्राणघातक हमला करने के दो आरोपियों पारसनाथ तिवारी और पिंटू तिवारी उर्फ मुकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। साथ ही एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों ने 17 अप्रैल को पीड़ित के जीजा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की गई। संवाद

दो किशोरियों के अपहरण के मामले में प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र में दो किशोरियों के लापता होने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित परिवार ने बताया कि 17 अप्रैल की शाम लगभग 4:00 बजे उनकी 16 वर्ष और 17 वर्ष की दो पोतियां घर से आइसक्रीम लेने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरियों की तलाश की जा रही है। 

मनबढ़ों ने गाड़ी रोक महिलाओं व बच्चों को पीटा
मिर्जामुराद क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम गाड़ी रोककर महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने महिलाओं से लूट की बात को गलत बताया है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के पुरजागीर, चिल्ह गांव निवासी किशन कुमार बिंद अपनी बहन की विदाई कराने कपसेठी थाना क्षेत्र के नेवढ़िया गांव गए हुए थे। देर शाम लौटते समय नयापुर व रूपापुर के बीच कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि नेवढ़िया निवासी करन बिंद, पुत्र त्रिपुरारी बिंद, अपने साथियों के साथ बाइक से पहुंचे और रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। मारपीट में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। शनिवार की देर शाम राजाबाबू निवासी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

कंपनी के खातों में हेराफेरी कर लाखों हड़पने का आरोपी अकाउंटेंट गिरफ्तार
पुलिस ने एक ट्रेडिंग कंपनी के खातों में हेराफेरी कर पैसे हड़पने वाले वांछित अभियुक्त अमित कुमार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त पर अपने ही मालिक के साथ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने का आरोप है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को एक पीड़ित फर्म मालिक ने तहरीर दी थी कि उनके यहां अकाउंट का काम देखने वाले अमित कुमार ने ग्राहकों से बकाया पैसा वसूला, लेकिन उसे हिसाब-किताब में दर्ज करने के बजाय खुद रख लिया। पुलिस टीम ने रविवार दोपहर करीब 12:35 बजे अभियुक्त अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अमित मूल रूप से चंदौली के मझवार खास का रहने वाला है और वर्तमान में सारनाथ के ओमनगर कॉलोनी में रह रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह कंपनी में 10 हजार रुपये प्रति माह पर अकाउंटेंट का काम करता था। कंपनी में होने वाले बड़े लेन-देन को देखकर उसके मन में लालच आ गया। अधिक पैसा कमाने के चक्कर में उसने कंपनी के पैसों में हेराफेरी की और उन पैसों को अपने निजी कार्यों में खर्च कर दिया।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed