Varanasi Weather: काशी फिर देश का दूसरा सबसे गर्म शहर, शाम को आंधी-बारिश; 1 ही घंटे में 10 डिग्री गिराया पारा
Varanasi News: वाराणसी में बुधवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ काशी देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। दोपहर में पारा सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। हालांकि शाम को 62 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और बारिश से महज एक घंटे में तापमान करीब 10 डिग्री गिर गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक गर्मी, लू और बारिश की संभावना जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Weather: बनारस लगातार दूसरे दिन देश का दूसरा सबसे गर्म शहर बन गया और शाम तक आंधी के साथ बारिश ने सप्ताह भर पहले ही मानसून जैसा मौसम बना दिया। बुधवार को दिन में करीब ढाई बजे तक कड़ी धूप के बीच काशी का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ऊपर रहा। वहीं, शाम छह बजते-बजते 62 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी। अचानक हल्की बारिश शुरू हो गई और एक ही घंटे में पारा 10 डिग्री तक लुढ़क गया।
शाम साढ़े पांच बजे तापमान 40 डिग्री था, मगर साढ़े छह बजे तक पारा 30 डिग्री के नीचे आ गया। दूसरी ओर, यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। इसलिए सटीक भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। अगले चार दिन काशी ऐसे ही तपेगी। वहीं, आज और कल बारिश व लू का येलो अलर्ट भी जारी है।
पेड़ गिरा, सारनाथ-आशापुर मार्ग बाधित
जिले के शहरी और ग्रामीण, दोनों इलाकों में बारिश हुई। आशापुर में हवेलिया चौराहा के बीच सड़क के बाईं ओर नीम का पेड़ तने से टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे आशापुर-सारनाथ मार्ग काफी देर तक बाधित रहा। कुछ सड़कें धंस गईं और टूट गईं, जबकि कई स्थानों पर पानी भर गया। मंडुवाडीह, बरेका, लंका, कैंट, पांडेयपुर, सारनाथ, राजातालाब, मिर्जामुराद, लहरतारा, मैदागिन, गौदौलिया आदि इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश भी हुई।
बारिश के बावजूद ऐसे ही तपेगी काशी
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि काशी में बारिश जैसी स्थिति आज भी बनी रह सकती है, लेकिन गर्मी में किसी तरह की कोई कमी नहीं आएगी। तापमान ऐसा ही रहने वाला है, भले ही शाम में बारिश हो जाए। वहीं, मानसून को लेकर डॉ. सिंह ने कहा कि अभी इसके प्रदेश में प्रवेश करने की तिथि तय नहीं हुई है। प्रदेश में प्रभावी मौसम तंत्र नहीं है। मौसमी सक्रियता में कमी के चलते प्रयागराज और वाराणसी लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहरों में रहे। काशी और प्रयागराज, दोनों ही शहर लू की चपेट में रहे। आगामी पांच दिनों के दौरान गर्मी बढ़ने की संभावना है।