UP: प्राथमिक विद्यालय में अश्लील नृत्य का वीडियो वायरल, कार्यक्रम की अनुमति और उद्देश्य पर उठे सवाल; होगी जांच
Ballia News: बलिया के एक प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित अश्लील नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो सामने आने पर कार्यक्रम की अनुमति, आयोजन के उद्देश्य और जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: चौकियामोड़ के शिक्षा क्षेत्र सीयर के प्राथमिक विद्यालय तारनपुर परिसर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में बने मंच पर डांसरों द्वारा अश्लील नृत्य की प्रस्तुति देते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने विद्यालय परिसर में इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कार्यक्रम किस उद्देश्य से आयोजित किया गया था तथा इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, कार्यक्रम की तिथि तथा आयोजन की परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वीडियो किसी आयोजन अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में पूछे जाने पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सीयर ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय बंद चल रहे हैं। उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शैक्षणिक परिसर में किसी प्रकार का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था तो उसकी प्रकृति, अनुमति तथा आयोजन से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति या भ्रम की स्थिति न बने।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और क्षेत्र के लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।