सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Volleyball Girls from the Arts faculty became champions across 17 departments winning by scores

Sports News: वॉलीबॉल...17 संकायों में कला की लड़कियां बनीं चैंपियन, दो सेट में 14 और 5 अंक से रहीं आगे; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 05 Feb 2026 02:27 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: अंतर संकाय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप के अलावा वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी खेलों में हिस्सा लेकर अपना दम दिखा रहे हैं।

Volleyball Girls from the Arts faculty became champions across 17 departments winning by scores
बीएचयू के खेल मैदान में खिलाड़ियों के साथ कुलपति। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

बीएचयू के 17 संकायों में से कला की लड़कियां 2026 में कैंपस की वॉलीबॉल चैंपियन बन गई हैं। बुधवार को अंतर संकाय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में कला संकाय ने सामाजिक विज्ञान संकाय को सीधे सेटों में पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। कला संकाय ने पहले सेट में 14 पॉइंट और दूसरे में पांच पॉइंट का लीड ले लिया। 

Trending Videos


निर्णायक मुकाबले में कला संकाय की टीम ने सामाजिक विज्ञान संकाय को 25-09 और 25-20 से दो सेटों में हराया। कला संकाय की खिलाड़ी पूजा ने एक के बाद कई शानदार प्रदर्शन किया। वहीं डीएवी को 25-06 और 25-13 से पराजित कर महिला महाविद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया। महाविद्यालय की श्रुति ने शुरू से ही अटैक की रणनीति बनाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से कराए गए इस मैच में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का बड़ा माध्यम है। 

समाज का अभिन्न अंग है और यह छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रोफेसर एके नेमा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय क्रीडा परिषद की सचिव प्रो. अर्चना सिंह, डॉ. राजीव सिंह, आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह और संचालक डॉ. प्रमोद यादव उपस्थित रहे।

कुश्ती स्टेट चैंपियनशिप में 1000 खिलाड़ी होंगे शामिल
वाराणसी। जिले में 7 से 9 फरवरी के बीच होने वाले सब जूनियर कुश्ती स्टेट चैंपियनशिप में 1000 खिलाड़ी शामिल होंगे। बुधवार को आयोजन समितियों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बनियापुर के स्वर्गीय केदार पहलवान व्यायामशाला में कुश्ती के मैच होंगे। कार्यवाहक जिला अध्यक्ष वाराणसी कुश्ती संघ राजीव सिंह रानू और उनके दल ने खिलाड़ियों को रहने खाने और प्रतियोगिता स्थल की तैयारी का जायजा लिया। 

लोगों से बातचीत कर आयोजन में आ रही कठिनाइयों पर बिंदुवार चर्चा की। समय रहते उसके निराकरण करने की योजना बनी। आयोजन समिति के साथ शिव धनी पहलवान, दयाराम मास्टर, नाथू पहलवान, बृजेश राय, सुभाष यादव, विशाल यादव आदि लोग मौजूद रहे। 

कुश्ती में 2028 ओलंपिक की योग्यता पर बैठक हुई
दिल्ली में कुश्ती के विकास और 2028 ओलंपिक खेलों की योग्यता प्रणाली को लेकर हुई बैठक में भारतीय कुश्ती संघ का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष वाराणसी के संजय कुमार सिंह ने किया। इसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र में कुश्ती के विकास पर भी रणनीति बनी। इस बैठक में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के वार्षिक कैलेंडर, कुश्ती अखाड़ों के आधुनिकीकरण, नागालैंड पर विशेष ध्यान देने पर विचार-विमर्श किया गया। 

भारत सरकार के खेल सचिव हरि रंजन राव की अध्यक्षता में आज भारतीय खेल प्राधिकरण और युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भारतीय कुश्ती संघ के महासचिव जय प्रकाश, कोषाध्यक्ष एसपीएस देशवाल और विनोद तोमर आदि मौजूद रहे। 

बनारस क्रिकेट संघ पूर्वांचल ट्रॉफी का आगाज
बीएचयू में बुधवार को राज इंग्लिश स्कूल की जीत के साथ बनारस क्रिकेट संघ पूर्वांचल ट्रॉफी का आगाज हो गया। आदर्श फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र की ओर से रुइया ग्राउंड में प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुराग द्विवेदी, विशिष्ट अतिथि पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अरविंद श्रीवास्तव और संजय द्विवेदी ने किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राज इंग्लिश स्कूल और एनईआर प्रयागराज के बीच खेला गया। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राज इंग्लिश स्कूल की टीम 20 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सिद्धार्थ ने 27 रन और वैभव ने 26 रन बनाए। प्रयागराज की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस ने 4 विकेट और सिद्धार्थ ने 3 विकेट लिए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनईआर प्रयागराज की टीम 19.5 ओवर में 105 रन पर ही सिमट गई। बल्लेबाजी में संस्कार ने 21 रन और प्रिंस ने 20 रन बनाए। राज इंग्लिश स्कूल की गेंदबाजी में आर्य और आकाश ने 3-3 विकेट झटके। इस तरह से राज इंग्लिश स्कूल ने 16 रन से मुकाबला जीत लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संस्कार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अतिथियों का स्वागत और सम्मान आयोजक सचिव बीजी ट्रॉफी खिलाड़ी सरोज राय द्वारा किया गया। 

राजेश-नितिन की जोड़ी ने जीता बैडमिंटन मुकाबला
रॉबर्ट्सगंज सिंचाई विभाग काॅलोनी में बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कुल दस टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का फाइनल में राजेश यादव-नितिन शाह और आशुतोष यादव-दुर्गा पाठक के बीच फाइनल मैच हुआ। इसमें राजेश यादव-नितिन शाह की जोड़ी 31-19 से विजयी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक भूपेश चौबे ने प्रतिभागी टीम को ट्राॅफी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

सोनकप का आयोजन आठ फरवरी से
हाइडिल मैदान में सोनकप (2026) मैच की तैयारी को लेकर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें आगामी आठ फरवरी से सोनकप मैच का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में पांच प्रदेश और दस जिले के प्रतिभागी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता को संपन्न कराने के लिए कमेटी के सदस्य एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर संतोष सिंह, अंबुज सिंह, अभिनव सिंह, दुर्गा सिंह, विराट पाठक, पिंटू सिंह, मनीष सोनकर, प्रदीप, अंशु आदि उपस्थित रहे।

बॉडी बिल्डिंग में 35 महिलाओं, 26 पुरुषों ने दिखाया दम
ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2 से 4 मार्च तक विशाखापत्तनम और ऑल इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई में मई में होगी। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम के चयन के लिए ट्रायल बुधवार को स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ। खेल प्रशिक्षक संजय राय ने बताया कि प्रतियोगिता में 11 महाविद्यालयों से लगभग 35 महिला और पुरुष पावर लिफ्टर, बॉडी बिल्डिंग में 26 प्रतियोगी भाग ले रहे हैं। अंधेरा होने की वजह से शेष प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को होगी। 

पांच साल के त्रिशांत ने जीता डोजो कराटे चैंपियनशिप
पांच वर्ष के त्रिशांत प्रियव्रत ने चौथा इंटर डोजो कराटे चैंपियनशिप 2026 जीत लिया है। करौंदी के आदित्य नगर पोखरा स्थित जन सुरक्षा फाउंडेशन में आयोजित इस मैच से पहले प्रियवत पांच गोल्ड मेडल जीत चुके हैं और मार्च में ब्लैक बेल्ट की तैयारी कर रहे हैं। इससे वह कम उम्र में ब्लैक बेल्ट का रिकॉर्ड भी बना सकता है। 

झांसी ने वाराणसी को 163 रन से हराया
स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आगरा स्थित गोवर्धन स्टेडियम में स्कूल प्रीमियर लीग खेली जा रही है। बुधवार को लीग का पांचवां मुकाबला झांसी और वाराणसी के बीच खेला गया। मैच से पहले संस्था के सचिव अखिल दीक्षित एवं नरेंद्र शर्मा ने टॉस कराया। टॉस जीतकर झांसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। झांसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 

टीम की ओर से अनुज कुमार ने शानदार 77 रन और अनिकेत ने 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाराणसी की पूरी टीम मात्र 11 ओवर में 57 रन पर आउट हो गई। झांसी की ओर से अनुज कुमार, पार्थ, यशवीर और शिवम् सिंह ने 2-2 विकेट लिए। अनुज कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर सचिव अखिल दीक्षित, रिंकू, हिमांशु, अर्जुन, राहुल भाटी, मोहित नरूला, नरेंद्र शर्मा, हीरा मौजूद रहे।
 

Volleyball Girls from the Arts faculty became champions across 17 departments winning by scores
मैदान पर बल्लेबाजी कर एपीएल का आगज करते कुलपति। - फोटो : संवाद

बीएचयू एपीएल का आगाज, सुपर ओवर में सिर्फ तीन रन देकर एआरएस ने कोबरा को हराया
सुपरओवर में एआरएस टीम की शानदार जीत के साथ बीएचयू में एग्रीकल्चर प्रीमियर लीग सीजन-7 का बुधवार रात आगाज हो गया। वहीं, कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कृषि विज्ञान संस्थान के कृषि मैदान पर बल्लेबाजी कर लीग के पहले मैच की शुरुआत की। 

पहले मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करनेे आई एआरएस टीम ने निर्धारित ओवरों में 91 रन बनाए। जवाब में कोबरा टीम ने भी 91 रन बना दिए। इससे मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में एआरएस की ओर से डी. अभय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 3 रन दिए और कोबरा टीम को जीत से दूर कर दिया।

शानदार गेंदबाजी के लिए डी. अभय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एपीएल में बालक वर्ग की आठ टीमें- कोबरा चैलेंजर्स, हेलिको ब्लास्टर्स, म्यूटेंट स्ट्राइकर्स, स्पार्टन, अल्फोंसो इलेवन, एआरएस, ड्रैगन फाइटर्स और कुरियन वॉरियर्स, वहीं बालिका वर्ग की चार टीमें फीनिक्स वॉरियर्स, थंडर क्वीन, एग्रो सुपर नोवाज और धाकड़ इलेवन की टीम मैच खेलेगी। 

Volleyball Girls from the Arts faculty became champions across 17 departments winning by scores
फ्री शिल्ड अंतरजनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत। - फोटो : संवाद
काशी का मंगल दल पूर्वांचल की 30 टीमों पर भारी
गाजीपुर को 34-14 अंक से हराकर काशी का नव युवक मंगल दल फ्री शील्ड अंतरजनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता का चैंपियन बन गया है। ये खिलाड़ी पूर्वांचल की 30 टीमों पर भारी पड़े हैं। विकासखंड के गौरा कला खेल मैदान में आयोजित इस खेल में नव युवक मंगल दल गौराकलां की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर 20 अंकों की लीड ली।  

प्रतियोगिता में बनारस और गाजीपुर के अलावा जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर और आजमगढ़ सहित कुल 30 टीमें थीं। कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ महादेव पीजी कॉलेज के प्रबंधक और शिक्षक नेता अजय सिंह और ग्राम प्रधान राजेश उर्फ राजू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। फाइनल मुकाबले में नवयुवक मंडल दल की ओर से साहिल ने 7 अंक, अंकित ने 6, कप्तान सौरभ ने 5 अंक का योगदान दिया। मुकाबले में गाजीपुर की टीम के रेडर अमन कन्नौजिया 7 अंक, कप्तान अनीश के 4 अंक के साथ पूरी टीम मात्र 14 अंक पर ही सिमट गई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि यूपी कबड्डी के सचिव राजेश ने विजेता टीम को चैंपियन ट्राॅफी के साथ 21 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष राम मनोहर सिंह यादव, मंगल, रामअवध पूर्व प्रधान भुल्लन यादव, प्रधान चंद्रजीत यादव, आरडी यादव आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed