सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Water Metro to run from Ramnagar to Namo Ghat youth drowns while bathing Scindia Ghat

Varanasi News Today: रामनगर से नमो घाट तक चलेगी वाटर मेट्रो, सिंधिया घाट पर स्नान के दौरान युवक डूबा; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 25 May 2026 01:20 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के रामनगर में वाटर मेट्रो का भी संचालन होगा। गंगा में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। वहीं, सिंधिया घाट पर स्नान के दौरान युवक की डूबने से माैत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Water Metro to run from Ramnagar to Namo Ghat youth drowns while bathing Scindia Ghat
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: काशी में गंगा में वाटर मेट्रो का भी संचालन होगा। दो दिन पहले पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। वाटर मेट्रो का संचालन रामनगर से नमो घाट के बीच किया जाएगा। इसके लिए आठ स्टेशन भी बनाए जाएंगे।



वाटर मेट्रो के लिए विभाग जेटी, स्टेशन, चार्जिंग पॉइंट आदि के लिए स्थान तय करने में जुट गया है। जल्द ही इसका लाभ काशीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों को मिलने लगेगा। अर्बन वाटर मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत आईडब्ल्यूएआई की ओर से कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड से सर्वे कराया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस परियोजना के शुरू होने के बाद यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी। इससे बनारस आने वाले पर्यटकों को गंगा में एक नए जलयान से सफर करने का अवसर मिलेगा। यह न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी सहायक होगा। वाराणसी के साथ-साथ अयोध्या और प्रयागराज भी इस योजना में शामिल हैं।
विज्ञापन
Trending Videos


सिंधिया घाट पर स्नान के दौरान युवक डूबा
सिंधिया घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय किशन की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे बाद शव को बाहर निकाला। मृतक बरेली जिले के सहुकारा का निवासी था। परिजनों को सूचना देकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किशन अपने साथी कुनाल के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन और वाराणसी घूमने आया था। वह हरियाणा में रहकर एक ई-कॉमर्स कंपनी में नौकरी करता था और परिवार की जिम्मेदारी संभालता था। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।

टेंगरामोड़ के पास अज्ञात शव मिला
रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरामोड़ स्थित बालू मंडी के किनारे रविवार को एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि तेज धूप की वजह से उसकी मौत हुई होगी। मृतक ने हाफ टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मर्चरी में रखवाया गया है। 

जिला बदर हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
रोहनिया थाना पुलिस ने टॉप-10 और हिस्ट्रीशीटर अपराधी गजाधरपुर निवासी गोलू यादव उर्फ संदीप को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पहले जिला बदर किया गया था, लेकिन वह चोरी-छिपे अपने घर पर रह रहा था। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि आरोपी गोलू यादव को करसड़ा स्थित सीपैट कॉलेज के पास से पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ हत्या, मारपीट, लूट समेत गंभीर धाराओं में कुल 51 प्राथमिकी दर्ज हैं। 

जुआ खेल रहे पांच गिरफ्तार
कपसेठी थाना पुलिस ने बरकी गांव स्थित आम के बगीचे में छापेमारी कर जुआ खेल रहे गणेश कुमार, दिवाकर पांडेय, गणेश बिंद, लवकुश और रंग बहादुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ताश के पत्तों के साथ जुआ खेलने में व्यस्त थे। मौके से 3650 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की गई। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि उक्त स्थान पर लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुए का अड्डा संचालित होने की सूचना मिल रही थी। रविवार को आरोपियों को पकड़ा गया। 

असलहा, चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार
अवैध शस्त्र और चोरी की बाइक के साथ पहाड़िया निवासी विश्वजीत चक्रवर्ती और गाजीपुर निवासी हिमांशु राय को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से एक देसी तमंचा 12 बोर, एक कारतूस, चोरी की बाइक और 300 रुपये बरामद किए। दोनों को 24 मई 2026 की सुबह फरीदपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है। 

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी से पहले किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी विकास कुमार को सिगरा पुलिस ने रविवार को मालगोदाम रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पीड़िता को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शिवपुर स्थित कांशीराम आवास का निवासी है। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि पीड़िता की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी की शादी 5 जून को तय है, लेकिन वह घर से लापता हो गई है। आशंका जताई गई थी कि वह कांशीराम आवास ब्लॉक नंबर-72 निवासी विकास के पास है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी को बरामद किया। 

युवती से दुष्कर्म का आरोपी पकड़ा गया
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी सोनू प्रजापति को रामनगर पुलिस ने शनिवार रात साहित्यनाका से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा खैरा गांव का निवासी है। 

द्वारचार में डांस को लेकर घराती-बराती भिड़े
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के नयापुर बौड़रिया गांव में शनिवार रात आयोजित एक शादी समारोह के दौरान द्वारचार में डांस को लेकर घरातियों और बरातियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे शादी की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नंदू गौतम की पुत्री का शादी समारोह चल रहा था। 

द्वारचार के समय डांस को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। हंगामे के कारण शादी की रस्में बाधित हो गईं। मौके पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। काफी देर तक समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल के बाद मामला शांत हुआ और दोनों पक्षों में समझौता कराया गया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन की शादी की रस्में दोबारा शुरू हुईं। 

गेट का ताला तोड़ जमीन पर कब्जे का आरोप
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी इलाके में बाउंड्रीवाल के गेट का ताला तोड़कर जमीन पर कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने रामजतन, पप्पू, छेदी, सुरेश, सोना देवी, शोभा देवी और लक्ष्मीना देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दुलीगढ़ी मोहल्ला निवासी मोहम्मद शहीद उर्फ सीताराम की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अस्सी स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन पर 22 मई को कुछ रिश्तेदार एकजुट होकर जबरन कब्जा करने पहुंच गए। 

आरोप है कि आरोपियों ने बाउंड्रीवाल के गेट का ताला तोड़ दिया और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि रामजतन, पप्पू, छेदी, सुरेश, सोना देवी, शोभा देवी, लक्ष्मीना देवी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मकान में चोरी करने वाले चार गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में काशीपुरा चौक निवासी राजेश कुमार केसरी के साथ तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 9.800 किलोग्राम जला हुआ कॉपर तार और 1310 रुपये बरामद किए हैं। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर राकेश गौतम ने बताया कि आरोपियों ने 15 मई की देर रात कौशलपुरी कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। 

पार्टी की तैयारी के दौरान जानलेवा हमला
शिवपुर थाना क्षेत्र के चमाव तरना गांव में रविवार सुबह बाटी-चोखा पार्टी की तैयारी के दौरान हुई मारपीट में श्रीनाथ मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद समेत 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। डिफेंस कॉलोनी, फुलवरिया कैंट निवासी अरविंद यादव ने पुलिस को बताया कि वह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने साथियों के साथ चमाव स्थित अपनी जमीन पर पहुंचे थे।

यहां शाम को होने वाले बाटी-चोखा कार्यक्रम के लिए साफ-सफाई और टेंट-पानी की व्यवस्था की जा रही थी। इसी दौरान गांव के भुआल सिंह, रवि और अनिल सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और कार्यक्रम करने का विरोध करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मोबाइल जमा करने के नाम पर मनमानी वसूली
भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर में मोबाइल जमा करने के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप सामने आया है। मंदिर के निकासी द्वार पर बने लॉकर में मोबाइल रखने के लिए दर्शनार्थियों से 10 रुपये प्रति मोबाइल की दर से शुल्क लिया जा रहा है। आरोप है कि मंदिर की ओर से नियुक्त गार्ड मोबाइल जमा कराने वालों से तय नियमों के बिना पैसे वसूल रहे हैं। 

रविवार को आंध्र प्रदेश से आए छह दर्शनार्थियों से मोबाइल जमा कराने के एवज में 60 रुपये लिए गए। इस पर दर्शनार्थियों ने विरोध जताया। आरोप है कि पैसा देने से इन्कार करने पर वहां मौजूद गार्ड और बाउंसरों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी। 

24 लाख की धोखाधड़ी में आरोपी गिरफ्तार
चौक पुलिस ने 24 लाख 18 हजार 916 रुपये की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी से जुड़े मामले में आरोपी मयंक जायसवाल (46) को उसके फर्म कार्यालय प्रजापतिपुर सरोई रोड, भदोही से गिरफ्तार किया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज थी। 

पुलिस के अनुसार, तीन अप्रैल 2026 को वादी ने शिकायत दी थी कि लंबे समय से चले आ रहे व्यापारिक विश्वास आधारित लेन-देन का दुरुपयोग कर आरोपी ने 24 लाख 18 हजार 916 रुपये की धोखाधड़ी की। साथ ही आपराधिक विश्वासघात, जान से मारने की धमकी और भय उत्पन्न करने के आरोप भी लगाए गए थे। मामले की विवेचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 

खेत में बकरी चराने के लिए खूनी संघर्ष
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लल्लापुर गांव में रविवार सुबह खेत में बकरी चराने के लिए दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। 

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिंटू बिंद के सब्जी के खेत में जमुना बिंद की बकरी घुसकर फसल चरने लगी। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

महिला को परिजनों से मिलवाया
लोहता थाना क्षेत्र में रविवार को एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला भटकती मिली। डायल 112 की टीम उसे सुरक्षित थाने लाई, जहां महिला उपनिरीक्षक मीना यादव ने संवेदनशीलता के साथ उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। काफी बातचीत के बाद महिला की पहचान रामरती पत्नी स्वर्गीय रामआधार निवासी कटया, थाना सादात, गाजीपुर के रूप में हुई। मीना यादव ने सी-प्लान के माध्यम से गांव के लोगों से संपर्क कर जानकारी की पुष्टि की और परिजनों को सूचना दी। 

प्रस्तावित किसान महापंचायत को रोका
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अदमापुर गांव में किसानों की जमीन अधिग्रहण की चर्चाओं के बीच रविवार को प्रस्तावित किसान महापंचायत को प्रशासन ने रोक दिया। पंचायत को लेकर सुबह से ही गांव में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया गया था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी स्थिति में किसान पंचायत नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।

दो हुक्का बारों पर पुलिस ने मारा छापा
सिगरा पुलिस और एसओजी की टीम ने रविवार को दो हुक्का बारों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 18 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हुक्का फ्लेवर और अन्य सामग्री बरामद की गई। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र और एसओजी प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सबसे पहले डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल रोड स्थित पूर्विका होटल के बेसमेंट में संचालित लव बाइट हुक्का बार पर दबिश दी। 

इस दौरान हुक्का बार संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिंद फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने वहां मौजूद विवेक नामक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान पुलिस को बेसमेंट में 14 युवक हुक्का और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते मिले। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और मौके से हुक्का उपकरण, फ्लेवर, पाइप, कोयला और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की। 

इसके बाद पुलिस टीम ने महमूरगंज में आकाशवाणी तिराहे के पास स्थित लॉर्ड ऑफ शीशा हुक्का बार में छापा मारा। यहां से संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू समेत दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान दो युवक हुक्का पीते पाए गए। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। 

24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया
श्री व्यापार मंडल पांडेयपुर के महामंत्री शैलेश गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में व्यापारियों ने रविवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी से मुलाकात की। श्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष हृदय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई।  थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने व्यापारियों से 24 घंटे की मोहलत मांगी और आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

Varanasi News Today Water Metro to run from Ramnagar to Namo Ghat youth drowns while bathing Scindia Ghat
अग्निवीर भर्ती रैली। - फोटो : संवाद

अग्निवीर भर्ती की परीक्षा में ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी करेंगे निगरानी
अग्निवीर सेना भर्ती की ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिए सेना भर्ती कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार परीक्षा की निगरानी ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी करेंगे, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से कराई जा सके। भर्ती प्रक्रिया के तहत पूर्वांचल के अभ्यर्थियों के लिए वाराणसी और गोरखपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

कर्नल शैलेष कुमार ने बताया कि वाराणसी में नौ और गोरखपुर में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछली भर्ती प्रक्रिया की तुलना में इस बार एक जिला कम कर दिया गया है। पिछली बार वाराणसी, गोरखपुर और आजमगढ़ में परीक्षा कराई गई थी। परीक्षा एक जुलाई से शुरू होकर 12 जुलाई तक चलेगी। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार दोनों जिलों को मिलाकर करीब एक लाख आठ हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। केंद्र पर सीसी कैमरों से निगरानी की जाएगी और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए तकनीकी निगरानी व्यवस्था भी लागू रहेगी। 

भर्ती कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक जिन अभ्यर्थियों ने एक साथ दो ट्रेड के लिए आवेदन किया है, उनकी परीक्षा एक ही दिन आयोजित की जाएगी, ताकि उन्हें अलग-अलग तिथियों पर परीक्षा देने की परेशानी न उठानी पड़े। परीक्षा कार्यक्रम और एडमिट कार्ड संबंधी सूचना अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने और प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र लाने की अपील की है।

आईएमए में आज से विशेष कैंप
नगर निगम 15 जुलाई तक गृह कर, जल कर और सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है। वहीं, डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन टैक्स जमा करने वाले भवन स्वामियों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त यानी 12 प्रतिशत की छूट मिल रही है। निगम की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के लिए विशेष सुविधा का प्रबंध किया है।   इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों की सुविधाओं के लिए दो दिवसीय विशेष कैंप 25 मई से आयोजित है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 7 मई से अब तक लाखों भवन स्वामियों को इस छूट का लाभ दिया जा चुका है। 

निशा की टीम ने कर्तव्य बोध के साथ ली शपथ
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा का 42वां दायित्व ग्रहण समारोह महमूरगंज स्थित एक होटल में संपन्न हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष निशा त्रिपाठी की टीम ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। अतिथियों ने उन्हें कर्तव्य बोध कराते हुए सेवा पथ पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने निशा, सचिव अनीता दुबे, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार जायसवाल को शपथ दिलाई। संचालन रश्मि जायसवाल एवं हिमानी जायसवाल ने किया। मौके पर अजय सिंह, सुनील सिन्हा, अजीत मेहरोत्रा, ज्ञानेंद्र जायसवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, सीमा केशरी, अमृता जायसवाल मौजूद रहे। 

मेयर ने वार्ड नौ और 58 में विकास कार्यों का किया शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में शहर के चहुंमुखी विकास के क्रम में रविवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने दो महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं का शिलान्यास किया। मेयर ने वार्ड संख्या 58 खजुरी के स्टेट बैंक कॉलोनी में 40.84 लाख रुपये की लागत से 360 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया।

इससे स्थानीय निवासियों को जल निकासी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। मेयर ने वार्ड संख्या 9 में भी विकास कार्यों का शुभारंभ किया। यहां कादंबिनी लॉन के पास गेल की ओर से क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन की मरम्मत के लिए 89.61 लाख रुपये की लागत से ट्रेंचलेस विधि से कार्य का शिलान्यास किया। 

Varanasi News Today Water Metro to run from Ramnagar to Namo Ghat youth drowns while bathing Scindia Ghat
IMS BHU - फोटो : अमर उजाला

आयुष्मान योजना पर खर्च की शिकायत लोकायुक्त से की गई, जवाब मांगा
आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में आयुष्मान योजना पर खर्च की शिकायत लोकायुक्त से की गई है। राजनारायण मौर्य ने 20 मार्च 2026 ने आयुष्मान पोर्टल की जांच की मांग की है। 29 अप्रैल को उप लोकायुक्त ने ट्रॉमा सेंटर प्रभारी से साक्ष्यों के साथ जवाब मांगा है।

राजनारायण माैर्य ने सोशल मीडिया पर जो शिकायती पत्र साझा किया है उसमें आयुष्मान भारत योजना में 11.61 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। पांच पेज के शिकायत पत्र में नियमों की अनदेखी के आरोप आरोप भी लगाए गए हैं। खरीद प्रक्रिया और पोर्टल रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच की मांग की गई है। आरोप है कि आयुष्मान की सूची में शामिल न होने के बावजूद दवाइयां, उपकरण और अन्य सामग्री खरीदी गई है।

जिस व्यक्ति ने मार्च में शिकायत की है, उसी व्यक्ति ने पहले भी शिकायत की थी। 6 फरवरी 2026 को उप लोकायुक्त के संयुक्त सचिव ने पत्र भेजकर शिकायत को खारिज कर दिया था। कुछ लोग ट्रॉमा सेंटर को सही तरीके से चलने नहीं देना चाहते इसलिए फर्जी शिकायत कराई जा रही है। हाल में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ऐसे ही मामले में सख्ती का आदेश दिया था। याचिकाकर्ता को चेतावनी तक दी गई थी। - प्रो. सौरभ सिंह, प्रभारी, ट्रॉमा सेंटर

जन आरोग्य मेले में 42 मरीजों का हुआ उपचार
पीएचसी चिरईगांव पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 42 मरीजों का उपचार किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी गई। मेले में जानवरों के काटने से घायल 31 मरीजों को एआरवी लगाई गई। 

इसके अलावा सांस संबंधी बीमारी के दो, गैस की समस्या के एक, स्किन रोग के चार तथा बुखार के एक मरीज का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और समय पर जांच कराने की सलाह दी। इस दौरान फार्मासिस्ट अशोक कुमार, लैब टेक्नीशियन जितेंद्र, आरबीएसके के डॉ आरके, वार्ड बॉय दिनेश कुमार तथा स्टाफ नर्स प्रियंका मौजूद रहीं। 

पंचायती राज मंत्री से इस्तीफे की मांग
नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह ने रविवार को बयान जारी किया। उन्होंने मांग की है कि समय पर चुनाव न करा पाने वाले पंचायती राज मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। यदि सरकार चुनाव कराने में असमर्थ है, तो गांवों को प्रशासनिक शून्यता से बचाने के लिए वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल चुनाव होने तक स्वतः बढ़ा दिया जाना चाहिए। कार्यकाल बढ़ाने की मांग के पीछे का मुख्य उद्देश्य यह है कि गांवों में चल रहे विकास कार्य न रुकें और ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। 

कैडेट्स ने फायरिंग, मैप रीडिंग  आपदा प्रबंधन के गुर जाने
91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन एक विद्यालय में शनिवार को हुआ। इस शिविर में 100 से ज्यादा कैडेट्स ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान उन्हें फायरिंग, ड्रिल, मैप रीडिंग, ट्रैफिक कंट्रोल, आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ सेशन, एसएसबी विशेष कक्षाएं और नेतृत्व विकास संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। कैंप का मुख्य आकर्षण फायरिंग प्रशिक्षण रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। अंत में राष्ट्रगान से समापन हुआ। मौके पर एओ कर्नल सुखबीर पूनिया, कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी मौजूद रहे। 

3 टाउनशिप के लिए 1700 करोड़ देगा वीडीए
शहर की तीन टाउनशिप के लिए वीडीए की ओर से 1700 करोड़ रुपये के प्रतिकर वितरण की कार्यवाही चल रही है। मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर टाउनशिप योजनाओं के तहत प्रतिकर राशि वितरित की जा रही है। इससे संबंधित क्षेत्रों का बेहतर विकास होगा। नई टाउनशिप परियोजनाओं के माध्यम से भूमि मूल्य के बेहतर मौद्रीकरण के कारण वास्तविक आय प्रस्तावित आंकड़ों से अधिक रहने की प्रबल संभावना है।

वाराणसी में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, नई आवासीय टाउनशिप, संस्थागत विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि टाउनशिप के लिए प्रतिकर वितरण की कार्रवाई चल रही है। वीडीए का क्षेत्रफल पहले 793 वर्ग किलोमीटर था, जिसमें महापालिका क्षेत्र सहित 635 गांव शामिल थे। 

पशुओं के पंजीकरण का अभियान जून में 
नगर निगम की ओर से पालतू पशुओं का पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है। पशुपालकों की सुविधा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। जून के अंतिम सप्ताह से पालतू पशुओं के पंजीकरण का अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पशु कल्याण विभाग को आवश्यक निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह से पालतू पशुओं के पंजीकरण का अभियान शुरू होगा। पंजीकरण न कराने पर 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। 

1912 पर करें बिजली संबंधित शिकायत
जिले में बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। नया कनेक्शन लेने, स्मार्ट मीटर संबंधी गड़बड़ी, गलत बिजली बिल के साथ ही सोलर संबंधी समस्याओं को लेकर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्थानीय स्तर पर भिखारीपुर एमडी कार्यालय में 1912 का कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां शिकायत का समाधान कराया जा रहा है। यहां दर्ज शिकायत की उच्च स्तर से निगरानी की जाती है। इसलिए निगम की ओर से इस नंबर को प्राथमिकता दी गई है। 

सिविल सेवा की कोचिंग के अभ्यर्थियों की सूची जारी
बीएचयू में एससी और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए शुरू हुई स्कॉलरशिप आधारित सिविल सेवा कोचिंग की काउंसिलिंग तीन जून को होगी। बीएचयू ने काउंसिलिंग में शामिल सभी एससी और ओबीसी कैटेगरी वाले विद्यार्थियों की लिस्ट जारी कर दी है। एक बार इस कोचिंग का लाभ उठा चुके अभ्यर्थियों को फिर से प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, जिस अभ्यर्थी ने फीस जमा नहीं की है, उसके पास सोमवार तक फीस जमा करने का मौका है। 

बीएचयू में 27 मई को 42 एजेंडों पर ईसी की बैठक
बीएचयू में 27 मई को 42 एजेंडों पर एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक होगी। इस बैठक में डीएसीपी प्रमोशन, संविदा कर्मचारी, नोशनल प्रमोशन, शिक्षक धरना सहित कई नए कोर्स और नियुक्तियों पर प्रस्ताव पारित किए जा सकते हैं। एकेडमिक काउंसिल और अन्य कई फैसलों को इस ईसी की बैठक में रखा जाएगा। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में सभी सदस्य बैठक करेंगे।  

नॉन एनईपी कोर्स के लिए 4 जून तक आवेदन
बीएचयू के बरकछा स्थित दक्षिणी परिसर में नॉन एनईपी कोर्स एमवोक में दाखिले के लिए बीएचयू ने सूचना जारी की है। दक्षिणी परिसर स्थित डीडीयू कौशल केंद्र की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनटीए की ओर से ही प्रवेश कराया जाएगा। फैशन टेक्नोलॉजी और एपेरल डिजाइन, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, फूड प्रॉसेसिंग, हॉस्पिटैलिटी ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट और रिटेल एंड लॉजिस्टिक मैनेजमेंट में मास्टर ऑफ वोकेशन (एम.वोक.) कोर्स यहीं पर चलेंगे। बीएचयू की ओर से बताया गया है कि ये जॉब और प्लेसमेंट केंद्रित कोर्स है। 

मदरसा बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने मारी बाजी
मदरसा बोर्ड की परीक्षा में जिले की लड़किया का दबदबा रहा। मुंशी/मौलवी (सेकंडरी) में 94.38 फीसदी और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) में 90.76 फीसदी परिणाम रहा। दो मदरसों के विद्यार्थी सबसे ज्यादा टाॅप टेन में रहे। हालांकि, आलिम में जिले की तीन लड़कियां प्रदेश में टाॅपर हैं। 

मदरसा बोर्ड का परिणाम शनिवार को देर जारी हुआ। आलिम में मदरसा दैरातुल इस्लाह चिरागे उलूम की जुमी फरीन प्रदेश में अव्वल रहीं। इसी मदरसे की दूसरे और पांचवें स्थान पर क्रमश: शाइस्ता परवीन और जैनब हानिया रहीं। जबकि जिले की लिस्ट में दोनों पाठ्यक्रमों में टाॅप टेन में सभी लड़कियां हैं। 

आलिम में 541 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दीं, इसमें 491 पास हुए। जबकि मुंशी/मौलवी में 1228 परीक्षार्थियों में 1159 पास हुए। मदरसा मतलउलूम, मदरसा मदरसा मजहरुल उलूम, जामिया रहमानिया की रहेनुमा, मदरसा मजहरूलउलूम, मदरसा जामिया हमीदिया के ज्यादा विद्यार्थी टाॅप टेन में हैं। 

काशी के सिद्धांत का सीसीआरटी में रंगमंच के लिए छात्रवृत्ति में चयन
काशी के युवा कलाकार और काशी विद्यापीठ के छात्र कुमार सिद्धांत का संस्कृति मंत्रालय के उपक्रम सीसीआरटी में युवा कलाकार छात्रवृत्ति 2026 ( रंगमंच ) के लिए चयन हुआ है। यह राष्ट्रीय छात्रवृत्ति दो साल की होगी। इसके लिए देशभर से 26 आवेदकों का रंगमंच के लिए चयन हुआ है। वे यहां रंगमंच का काम सीखेंगे। कुमार सिद्धांत दो वर्षों से बनारस यूथ थियेटर के प्रमुख उत्कर्ष उपेंद्र सहस्रबुद्धे के मार्गदर्शन में अभिनय और रंगमंच सीख रहे हैं। 

कुमार सिद्धांत काशी विद्यापीठ से राजनीति शास्त्र में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। सिद्धांत ने बताया कि यह छात्रवृत्ति उनके अभिनय और रंगमंच के शिक्षण, अध्ययन और प्रशिक्षण प्राप्त करने में अवश्य ही सहायक सिद्ध होगी। इससे पहले खुद उपेंद्र और युवा आर्टिस्ट और यूट्यूबर जौनपुर के कुशल दुबे को ये स्कॉलरशिप मिल चुकी है। 

संस्कृत विश्वविद्यालय से 2 दिन में 300 काॅलेजों में पहुंचेंगे पेपर-कॉपी
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में सेमेस्टर परीक्षा अगले सप्ताह 28 मई से शुरू होकर 9 जून तक चलेगी। इसके लिए करीब 300 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा से पहले सोमवार से दो दिन तक प्राचार्यों/केंद्राध्यक्षों को कॉपी, पेपर सहित अन्य जरूरी कागजात दिए जांएगे। इसमें यूपी के अलावा बाहर के भी 10 राज्यों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

विवि परिसर और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों के 2026 वर्षीय प्रथमा, पूर्वमध्यमा, उत्तरमध्यमा, शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर (2025-2029), शास्त्री चतुर्थ सेमेस्टर (2024-2028), शास्त्री षष्ठ सेमेस्टर (2023-2026) की परीक्षा तिथि जारी कर दी गई है। इसके अलावा परीक्षा विभाग ने आचार्य द्वितीय सेमेस्टर (2025-2027), आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर (2024-2025) के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैंक/श्रेणी सुधार/ एकविषयक परीक्षाओं को भी 28 मई से कराने का निर्णय लिया है। अब जबकि परीक्षा में केवल 3 दिन का ही समय बचा है, ऐसे में परीक्षा केंद्रों को परीक्षा से जुड़े गोपनीय कागजात, कॉपी, पेपर 25-26 जून को वितरित किया जाएगा।

आईआईटी विशेषज्ञों की मदद से दूर की जाएंगी सीबीएसई की तकनीकी खामियां
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की तकनीकी खामियां दूर करने में अब आईआईटी विशेषज्ञ सहयोग करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई की तकनीकी चुनौतियों से निपटने में सहायता के लिए आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों को नियुक्त किया है। इसमें प्रोफेसर और तकनीकी विशेषज्ञ दोनों शामिल होंगे। इनका काम, सीबीएसई को त्रुटिरहित पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सहायता प्रदान करना है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बोर्ड की इस वर्ष की परीक्षाोत्तर पुनर्मूल्यांकन सेवाओं की घोषणा के बाद से सामने आई सभी तकनीकी खामियों की जांच के लिए रविवार को आईआईटी की टीम तैनात की है। सीबीएसई के परिणामोत्तर सेवा पोर्टल के संबंध में मंत्रालय ने त्रुटिरहित पुनर्मूल्यांकन करने में सहायता करने को कहा है। 

सुनो मैं प्रेमचंद के 1924वें दिन गूंजी कहानी ‘सती’ की गूंज
लमही स्थित प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट की ओर से आयोजित साप्ताहिक साहित्यिक कार्यक्रम ‘सुनो मैं प्रेमचंद’ का 1924वां दिवस रविवार को आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों और साहित्यकारों ने मुंशी प्रेमचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। साहित्यकार बुद्ध देव तिवारी ने प्रेमचंद को समर्पित काव्यपाठ प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. मनोहर लाल ने मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘सती’ पर अपने विचार रखते हुए कहा कि यह रचना केवल पारिवारिक या सामाजिक कहानी नहीं है। यह पाठक को झकझोरती है और विवश करती है कि वह स्त्री-पुरुष संबंधों को पारंपरिक चश्मे से हटकर नए, मानवीय और समतावादी दृष्टिकोण से देखे।

बकरा मंडी में प्रतिदिन बिक रहे 700 तक बकरे
बेनिया में लगी बकरा मंडी में प्रतिदिन 700 से अधिक बकरों की बिक्री हो रही है। मंडी संचालक साजिद खान ने बताया कि यह मंडी 27 मई तक चलेगी और यहां उत्तर प्रदेश के कई जिलों से व्यापारी खरीद-फरोख्त के लिए पहुंच रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ और अकबरपुर समेत प्रदेश के कई जिलों से व्यापारी यहां आते हैं। अनुमान है कि 10 दिनों में 6 से 7 हजार बकरे बिकेंगे। मंडी में सुबह से देर रात तक खरीदारों और व्यापारियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। साजिद खान का कहना है कि यह सिर्फ व्यापार या कमाई का जरिया नहीं, बल्कि कुर्बानी और परंपरा से जुड़ी एक पुरानी विरासत है, जिसे लोग वर्षों से निभाते आ रहे हैं। 

नृसिंह भगवान का तुलसी पत्र से हुआ पूजन 
पुरुषोत्तम मास में मणिकर्णिका स्थित सिद्ध पीठ नरसिंह मठ में रविवार को विष्णु सहस्त्रनाम पाठ एवं सामूहिक पूजन संपन्न हुआ। भगवान विष्णु के चौथे अवतार कोलाहल नृसिंह भगवान के प्राचीन मंदिर में तुलसी पत्र और मालपुआ का भोग लगाकर पूजन किया गया। नरसिंह मठ में काशी प्रदक्षिणा यात्रा एवं तीर्थायन समिति के सदस्यों ने विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ और पूजन किया। ज्योतिषाचार्य पं. बिट्टू झा एवं वैदिक विद्यार्थियों ने विधिवत पूजन कराया। पूजन में विकास मेहरा, अनुपम खन्ना, सौरभ मिश्रा, विजय चौधरी, अनंत जोशी, आशीष कोइराला, ऋतिक दाधीच आदि मौजूद रहे। 

प्रजापति हितकारिणी सभा में निर्विरोध निर्वाचन
वाराणसी जिले में वर्ष 1932 से क्रियाशील प्रजापति समाज की प्राचीन एवं पंजीकृत संस्था प्रजापति (कु.) हितकारिणी सभा के त्रिवर्षीय चुनाव की प्रक्रिया रविवार को संपन्न हो गई। मैदागिन स्थित प्रजापति धर्मशाला में रविवार शाम नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाकर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे गए। इस बार के चुनाव में सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने के कारण पूरी प्रबंध समिति निर्विरोध चुनी गई। 

प्रजापति हितकारिणी सभा की नवनिर्वाचित समिति में प्रेमशंकर उर्फ कृपाशंकर प्रजापति ने अध्यक्ष पद की कमान संभाली। उनके साथ उपाध्यक्ष पद पर रामदुलार प्रजापति, महिला उपाध्यक्ष के रूप में निशा प्रजापति, मंत्री पद पर जान्हवी देवी प्रजापति, कोषाध्यक्ष पद पर मदन लाल, उपमंत्री पद पर पवन कुमार, महिला उपमंत्री पद पर माया वर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर आशीष प्रजापति, आय-व्यय निरीक्षक पद पर लक्ष्मी नारायण, संगठन मंत्री पद पर सोनी चक्रवाल, प्रचार-प्रसार मंत्री पद पर शिवशंकर तथा सांस्कृतिक मंत्री के रूप में मनोज चक्रवाल ने नई जिम्मेदारियों की शपथ ली। 

आज नारी की पहचान गृहस्थी तक सीमित नहीं
अग्रसेन वेलफेयर सोसायटी का रजत जयंती स्थापना दिवस समारोह रविवार को मोतीझील स्थित एक होटल में धूमधाम से मनाया गया। विशिष्ट अतिथि नंदिता शास्त्री (प्राचार्या, पाणिनि कन्या महाविद्यालय) ने कहा कि नारी शक्ति की महिमा अद्वितीय है। महिलाओं को आगे बढ़कर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

आज कन्याएं यज्ञ और वेद पाठ जैसे क्षेत्रों में भी आगे आ रही हैं। मुख्य अतिथि आनंद प्रभा सिंह (प्रधानाचार्य, निवेदिता शिक्षा सदन) ने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का समय आ गया है। आज नारी की पहचान केवल गृहस्थी तक सीमित नहीं रही, बल्कि वह विश्व पटल पर अपना नाम रोशन कर रही है। 

108 पीत वस्त्र ओढ़ महिलाओं ने निकाली यात्रा
मंगल कलश यात्रा के साथ रविवार को भागवत पारायण कथा का शुभारंभ हुआ। रामकटोरा स्थित कसेरा धर्मशाला चिंतामणि बाग में जगतगुरु पातालपुरी महंत बालक देवाचार्य ने श्रद्धालुओं को कथा रस से विभोर किया। उन्होंने पहले दिन श्रीमद्भागवत के माहात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत 18 पुराणों में महापुराण है। यह मानव जीवन को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और तपस्या का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास को अधिक मास भी कहा जाता है। यदि कोई व्यक्ति तीन वर्षों में दान-पुण्य का कार्य नहीं कर पाता है, तो अधिक मास में किया गया दान-पुण्य कई गुना फलदायी होता है। यह भगवान का सबसे प्रिय मास है। 

पुरुषोत्तम मास में 66 ब्राह्मण जोड़ों को कराया भोज
पुरुषोत्तम मास में रविवार को 66 ब्राह्मण जोड़ों को भोज कराकर दुर्गाकुंड-लंका मार्ग स्थित त्रिदेव मंदिर में उनका सम्मान हुआ। मंदिर में तीनों विग्रहों रानी सती, सालासर हनुमान जी व खाटू श्याम जी की स्वदेशी फूलों से अलौकिक झांकी सजाई गई। दर्शन-पूजन के लिए भीड़ रही। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से विग्रहों का शृंगार कर विविध व्यंजनों का भोग लगा। 

कर्मकांडी आचार्य अखिलेश त्रिवेदी, अरविंद शर्मा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रों से 66 ब्राह्मणी जोड़ों को आसन पर बैठाकर भोज कराया गया। संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ, मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल, अनूप सराफ, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने ब्राह्मणी जोड़ों को टीका लगाकर उन्हें धोती-कुर्ता, दुपट्टा समेत धूप से बचाव के लिए छाता दिया। भरत सराफ ने बताया कि अधिकमास में चली आ रही परंपरा के अनुसार भगवान विष्णु की अनंत कृपा और भक्ति के लिए हर साल भोज कराया जाता है। 

बरेका कर्मचारी क्लब में समर कैंप का शुभारंभ, 20 जून तक चलेगा
बनारस रेल इंजन कारखाना के कर्मचारी क्लब में समर कैंप का शुभारंभ 25 मई को मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष एवं सहायक कार्मिक अधिकारी रामप्रवेश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और छुट्टियों का सदुपयोग होता है। 

कैंप में बरेका कर्मचारियों के 5 से 16 वर्ष तक के बच्चों को नृत्य, संगीत, चित्रकला, क्राफ्ट, योग, कराटे और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह-शाम 5 से 8 बजे तक दिया जाएगा। इस मौके पर कर्मचारी क्लब के सचिव मदन कुमार ने कहा कि हम क्लब में समय-समय पर इस तरह के रचनात्मक आयोजन करते रहते हैं।

कोषाध्यक्ष कर्मचारी कला सरोज कुमार सिंह ने कहा कि इस साल भी समर कैंप लगाया जा रहा है। कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी श्री पीयूष मिंज, क्लब के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कर्मचारी और बच्चे उपस्थित रहे। संचालन अमित कुमार ने किया। 

श्रद्धालुओं को पिलाया शरबत और ठंडा जल
पंचक्रोशी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी में शरबत और ठंडा पानी पिलाने का काम कई समाजसेवी और संस्थाएं कर रही हैं। रविवार को भी बरेमा गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में राहगीरों को शरबत और ठंडा पानी पिलाया गया। समासेवी अजय तिवारी ने कहा कि गर्मी में राहगीरों की पानी की समस्या को देखते हुए लोगों की सेवा की जा रही है। उनको शरबत और ठंडा पानी पिलाया गया। सेवा में दीपक तिवारी, भंटू सिंह, दाऊ तिवारी, किशन तिवारी, आशु तिवारी, आर्यन तिवारी, धीरज तिवारी, रंजीत तिवारी मोनू लगे थे। 

भोजशाला मुक्ति अभियान के मुख्य याचिकाकर्ता और अधिवक्ता सम्मानित
मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला (वाग्देवी मां सरस्वती मंदिर) को लेकर आए उच्च न्यायालय के फैसले के बाद काशी में मुख्य याचिकाकर्ता कुलदीप तिवारी और वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष गुप्ता का सम्मान किया गया। श्री आदि महादेव काशी धर्मालय मुक्ति न्यास की ओर से कैंट स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में हिंदुओं ने एकजुटता का संदेश दिया।

भोजशाला मुक्ति अभियान के मुख्य याचिकाकर्ता कुलदीप तिवारी ने कहा कि मंदिर के पक्ष में पुख्ता सबूत और एएसआई की जांच रिपोर्ट होने के बावजूद दूसरा पक्ष वहां डटा हुआ था और मानने को तैयार नहीं था। न्यायालय के फैसले से अंततः हिंदुओं की जीत हुई और वहां लगे ‘प्रवेश वर्जित’ के बोर्ड को हटा दिया गया है। अब वहां अनवरत पूजा-पाठ शुरू हो चुका है और नमाज पर पूरी तरह रोक लग गई है।

वहीं, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष गुप्ता ने कहा कि न्यायालय साक्ष्यों और अकाट्य तर्कों के आधार पर फैसला देता है। हमारे पास सबसे बड़ा आधार एएसआई की जांच रिपोर्ट और मौके पर मौजूद मंदिर के प्रमाण थे, जिसे कोर्ट ने स्वीकार किया।

श्री साईं बाबा इंफ्रा कंपनी फ्लैट खरीद पर देगी विशेष लाभ
श्री साईं बाबा इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड देश और दुनिया में बसे प्रवासी भारतीयों, विशेषकर विदेशों में रह रहे उत्तर भारतीय समाज को मिट्टी और अपनी संस्कृति से जोड़ने के अभियान में भागीदार बनना चाहती है। कंपनी की ओर से निवेशकों और खरीदारी के लिए विशेष योजनाएं तैयार की गई हैं। 

कंपनी के प्रोजेक्ट्स साई गांव, साई सिटी वाराणसी व एसएसबी प्रथम, लखनऊ प्रोजेक्ट के फ्लैट की खरीद पर कंपनी 7% प्रतिशत तक का विशेष लाभ देगी। यही निवेश योजनाओं पर 12% प्रतिशत तक गारंटेड लाभ दिया जाएगा। इसी क्रम में यूएई के बिहार संगठन के प्रेसिडेंट सतेंद्र सिंह एवं एसएसबी ग्रुप के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू की प्रक्रिया जारी है। यह साझेदारी पूर्वाचल के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देगी। 

इस अवसर पर क्रेडाई पूर्वांचल के अध्यक्ष जीतेन्द्र सिन्हा उपस्थित रहे। परियोजना के औपचारिक अनावरण की तिथि की घोषणा जल्द होगी। इस मौके पर कंपनी के प्रबन्ध निदेशक राम गोपाल सिंह, निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह, रमेश प्रताप सिंह, सोनी गुप्ता, प्रेमनाथ मिश्र, हर्ष रघुवंशी, अभिनव सिंह, पंकज चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed