UP: रात भर बहता रहा महिला का खून, नहीं किया रेफर, बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत; परिजनों का हंगामा
Ballia News: पीएचसी में हंगामा की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विस्तार
UP News: बलिया जिले के बांसडीह स्थित पीएचसी के प्रसव केंद्र में रविवार देर रात एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार गोड़धप्पा निवासी राकेश पटेल की पत्नी रूबी देवी (28) को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार दोपहर पीएचसी के प्रसव केंद्र में भर्ती कराया गया था। रात करीब आठ बजे ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने उनका प्रसव कराया, जिसमें उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद रूबी देवी की हालत बिगड़ने लगी और उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
आरोप है कि पूरी रात रक्तस्राव जारी रहने के बावजूद अस्पताल कर्मियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और समय रहते उचित इलाज या रेफरल की व्यवस्था नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर ध्यान दिया जाता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब हालत अत्यंत गंभीर हो गई, तब उन्हें जिला महिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ जयशंकर मिश्र सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
