Varanasi Accident: चंदुआ सट्टी के पास हादसे में युवक की मौत, दो साल में यहां तीन मौत; 30 दिनों के अंदर 14 घायल
Varanasi News: हादसे की खबर मिलते ही माैके पर सिगरा थाने की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों से जानकारी के लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, परिजनों में कोहराम मच गया था।
विस्तार
सिगरा के साजन चौराहा पर बुधवार तड़के पांच बजे ट्रक की टक्कर से शिवपुरवा के गांधी चौक निवासी कन्हैयालाल बिंद (48) की मौत हो गई। कन्हैयालाल किसी काम से सुबह निकले थे। पुलिस ने शव को जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
चंदुआ सट्टी के 50 मीटर के दायरे में दो साल में तीसरी घटना है जब ट्रक से कुचलकर या चपेट में आकर मौत हुई है। एक महीने में चंदुआ सट्टी, पंचकोशी, भोजूबीर सट्टी और सुंदरपुर सब्जी मंडी में 14 सड़क हादसे हुए। सभी हादसे सुबह हुए। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मृतक के पुत्र आर्यन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक मलदहिया से रथयात्रा की तरफ जा रहा था। साजन तिराहे पर कन्हैया लाल बिंद ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए और मौके ही उनकी मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक को पकड़ने के लिए सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर की मदद ली जा रही है।
पुलिस ने की कार्रवाई
टोल प्लाजा से भी संपर्क कर वाहन की पहचान की जा रही है। वहीं, दो साल पहले भारत माता मंदिर के पास ही सुबह के वक्त निर्माण में लगे ट्रक ने महिला को कुचल दिया था। घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई थी। एक साल पहले इसी मार्ग में 22 साल के युवक की अज्ञात वाहन ने सुबह टक्कर मार दी थी और उसकी मौत हो गई थी।
लोगों का कहना है कि मंडी क्षेत्र में सब्जी लाने वाले ट्रक, पिकअप और ठेलों के अव्यवस्थित ठहराव से सड़कें संकरी हो जाती हैं। दोपहिया और पैदल लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से मंडी क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था सख्त करने और वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है।