दरभंगा जिले में साइबर ठगों ने दो रुपये के पुराने नोट के बदले 26 लाख रुपये मिलने का झांसा देकर एक युवक से 9650 रुपये की ठगी कर ली। हालांकि युवक ने समय रहते सतर्कता दिखाते हुए आगे की ठगी से खुद को बचा लिया और थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित युवक से कैसे साधा संपर्क?
पीड़ित युवक की पहचान जाले थाना क्षेत्र के मुरैठा गांव निवासी उमेश महतो के रूप में हुई है। उमेश के अनुसार, ठगों ने दावा किया कि उनके पास मौजूद दो रुपये के दो पुराने नोटों की कीमत 25 लाख 80 हजार रुपये है। इसके बाद उनसे आधार कार्ड और फोटो व्हाट्सएप पर भेजने को कहा गया।
रजिस्ट्रेशन और पार्सल के नाम पर वसूली
दस्तावेज भेजने के बाद ठगों ने रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 750 रुपये मांगे, जिसे उमेश ने QR कोड के जरिए भेज दिया। कुछ समय बाद फोन कर बताया गया कि 25 लाख 80 हजार रुपये का पार्सल तैयार हो गया है और उसे भेजने के लिए 8900 रुपये और जमा करने होंगे। यह राशि भी उमेश ने QR कोड के माध्यम से भेज दी।
पढ़ें- Accident Today: बाइक बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराया ऑटो; चार महीने के मासूम बच्चे की मौत, 10 घायल
फर्जी वीडियो से बढ़ाया गया भरोसा
ठगों ने उमेश को व्हाट्सएप पर पैसे गिरते हुए और कूरियर ट्रैकिंग से जुड़ा एक वीडियो भी भेजा। इन वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि बड़ी रकम वास्तव में भेजी जा रही है, जिससे युवक का भरोसा और मजबूत हो गया।
संदेह होने पर बची बड़ी ठगी
इसके बाद ठगों ने 12 हजार रुपये और मांगने शुरू किए। इस बार बार-बार पैसों की मांग पर उमेश को संदेह हुआ और उन्होंने रकम भेजने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पैसे नहीं भेजने पर ठगों ने डराने के लिए फर्जी पुलिस कार्रवाई का वीडियो भेजा, जिसमें मारपीट और गाली-गलौज दिखाई गई।
थाना में शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद उमेश ने संबंधित मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया और ठगी का एहसास होने पर जाले थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।