सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत लोगों को किस हद तक ले जा रही है, इसका एक और उदाहरण वैशाली जिले से सामने आया है। सलहा पंचायत की मुखिया विपिन सर को गाली देकर पहले चर्चा में आ चुकी पिंकी देवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह तेज रफ्तार चलती ट्रेन के दरवाजे पर लटककर वीडियो बनाती नजर आ रही हैं। पिंकी देवी ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस वीडियो में वह देवी ट्रेन के गेट पर खतरनाक तरीके से लटकी हुई दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि हम वीडियो बनबई त कोई बोलतई रे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पिंकी देवी रील्स और सोशल मीडिया वीडियो बनाने की शौकीन हैं, लेकिन इस बार वीडियो बनाने के दौरान उन्होंने अपनी जान को भी जोखिम में डाल दिया। चलती ट्रेन के दरवाजे पर इस तरह लटककर वीडियो बनाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: गलत नंबर से शुरू हुई बातचीत, प्यार में बदली कहानी; 19 वर्षीय युवक ने पांच बच्चों की मां से की शादी
सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में आजकल कई लोग खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों का भी मानना है कि इस तरह के स्टंट न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं। फिलहाल यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई करता है या नहीं। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से ऐसे खतरनाक स्टंट से बचने की जरूरत है, क्योंकि कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है।