दानापुर रेल मंडल के बख्तियारपुर जंक्शन पर गुरुवार शाम दानापुर भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अलार्म चेन पुलिंग की घटना से अफरा तफरी मच गई। असामाजिक तत्वों द्वारा चेन खींचने के कारण ट्रेन को बीच में ही रोकना पड़ा और यात्री परेशान हो गए।
प्रस्थान करते ही खींची गई चेन
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 13402 दानापुर भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम छह बजकर एक मिनट पर प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद छह बजकर तीन मिनट पर जैसे ही ट्रेन खुलने लगी, उसी समय किसी ने कोच के अंदर से अलार्म चेन खींच दी। चेन पुलिंग होते ही ट्रेन तुरंत रुक गई और स्टेशन परिसर में ही खड़ी रह गई। खबर लिखे जाने तक यानी छह बजकर बयालीस मिनट तक ट्रेन आधे घंटे से अधिक समय से प्लेटफार्म पर खड़ी थी।
ये भी पढ़ें: मासूम की प्रार्थना रह गई अधूरी, ग्राउंड में खेलते-खेलते नौ साल की दिव्या की हार्ट अटैक से गई जान
कोच की पहचान में जुटी टीम
घटना के बाद ट्रेन के गार्ड, ड्राइवर और स्टेशन पर तैनात रेलकर्मी उस कोच और स्थान की पहचान करने में जुटे रहे, जहां से चेन खींची गई थी। काफी प्रयास के बाद भी देर तक सफलता नहीं मिल सकी।
एलएचबी कोच में तकनीकी दिक्कत
रेलवे सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन एलएचबी रैक से चलती है। एलएचबी कोच में अलार्म चेन पुलिंग की सही जगह का पता लगाना पुराने कोच की तुलना में अधिक कठिन होता है। इसकी तकनीकी बनावट अलग होने के कारण टीम को समस्या पहचानने और ठीक करने में समय लग रहा है। फिलहाल ट्रेन बख्तियारपुर जंक्शन पर ही खड़ी है और रेलवे स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है। प्रशासन ने इस घटना में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।