पटना के बाढ़ अनुमंडल के सादिकपुर गांव में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गईं। यह कार्यक्रम 'विकसित भारत-जी राम जी' अभियान के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।
कार्यक्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह खिलाड़ियों को सम्मानित करने पहुंची थीं। उनके आगमन के बाद कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और आयोजक मंच पर चढ़ गए, जिससे मंच पर भीड़ काफी बढ़ गई। कार्यक्रम संचालक द्वारा बार-बार मंच पर मौजूद लोगों से नीचे उतरने की अपील की जाती रही, लेकिन कोई भी नेता मंच छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। इसके चलते मंच पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
इसी दौरान जब खेल मंत्री श्रेयसी सिंह खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए खड़ी हुईं, तभी अचानक मंच धंस गया। मंच के धंसते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे वहां मौजूद लोग सहम गए। कुछ क्षणों के लिए मंच पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। डर के कारण कई लोग आनन-फानन में मंच से नीचे कूद गए।
पढ़ें- Accident Today: आगे चल रही पिकअप से टकराई मधुबनी विधायक सुजीत की गाड़ी, पटना लौटते वक्त हाजीपुर में हादसा
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने मोर्चा संभाला। किसी तरह खेल मंत्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को कोई चोट नहीं आई।
घटना के बाद कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। बाद में स्थानीय नेताओं और अतिरिक्त लोगों को मंच से नीचे उतारा गया, जिसके बाद मंच की स्थिति को आंशिक रूप से सुरक्षित कर कार्यक्रम को दोबारा शुरू किया गया। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने स्थिति सामान्य होने के बाद खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कार्यक्रम को संबोधित भी किया।