बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक 59 वर्षीय मकान मालिक ने अपनी किरायेदार अविवाहित युवती को डरा-धमका कर साल भर तक उसका शारीरिक शोषण किया। युवती के गर्भवती होने पर राज खुलने के डर से आरोपी ने उसे दर्द की दवा के नाम पर घातक दवाई खिला दी, जिससे युवती और उसके पेट में पल रहे 9 माह के शिशु की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
डरा-धमका कर बनाया हवस का शिकार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिवनी मूल की मृतिका पिछले 3 वर्षों से अपनी मां और भाई-बहनों के साथ आरोपी सुनील कुमार घरडे (59) के मकान में किराये पर रह रही थी। आरोपी पिछले एक साल से युवती को घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। इस दौरान युवती 9 माह की गर्भवती हो गई थी।
साक्ष्य छुपाने के लिए दी 'मौत की दवा'
बीती 9 मार्च की रात जब युवती को शारीरिक दर्द हुआ, तो आरोपी सुनील ने अपराध छुपाने की नियत से उसे अज्ञात दवा खिला दी। दवा खाते ही युवती की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। मर्ग जांच के दौरान जब पुलिस ने मृतिका के परिजनों और गवाहों से पूछताछ की, तब इस रूहानी खेल का पर्दाफाश हुआ।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में डौण्डीलोहारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)m (दुष्कर्म), 105 (गैर-इरादतन हत्या), 90, 91 (अवैध गर्भपात), 238 (साक्ष्य मिटाना) और 351(3) (धमकाना) के तहत मामला दर्ज किया है।