विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रविवार को बेमेतरा जिला मुख्यालय में यहां के प्रशासनिक अफसरों को जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में उन्होंने प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। बता दें कि मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद रेस्ट हाउस में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम कल देर रात को रखा गया। यहीं पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अव्यवस्था को देखकर गुस्सा हो गए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सार्वजनिक रूप से जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बेमेतरा में हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम बिल्कुल नहीं है। मैं कलेक्टर व एसपी को साफ-साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि यह कोई तरीका नहीं है कि मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत किया जाए। क्या इतनी भी जानकारी शायद अफसरों को नहीं है कि चीफ मिनिस्टर और दो-दो डिप्टी चीफ मिनिस्टर यहां बैठे हुए हैं? पूरा मंत्रिमंडल यहां मौजूद है, लेकिन गरिमा का ख्याल नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यहां ढाई घंटे से मौजूद हैं, लेकिन अधिकारी बैठक कहां कराना है जगह तय नहीं कर पाए। उन्होंने इसे अधिकारियों की नकारात्मकता और काम के प्रति लापरवाही करार दिया। उन्होंने कहा कि मैंने तो इतने लंबे राजनीतिक जीवन में 15 साल मुख्यमंत्री था, इस प्रकार की व्यवस्था नहीं देखी।