{"_id":"6a7c44a09eca5215f309cb3f","slug":"video-rajgarh-chhichhiyadhar-three-storey-house-collapse-mother-daughter-death-2026-08-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"Sirmaur House Collapse: छिछड़ियाधार में भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, मां-बेटी की मौत; 2 मासूम नाती-दोहती घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirmaur House Collapse: छिछड़ियाधार में भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, मां-बेटी की मौत; 2 मासूम नाती-दोहती घायल
Ankesh Dogra
Updated Wed, 12 Aug 2026 03:32 PM IST
Link Copied
सिरमौर के राजगढ़ में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियाधार गांव में करीब दोपहर 12 बजे तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के भीतर परिवार के चार सदस्य मौजूद थे और देखते ही देखते सभी मलबे के नीचे दब गए।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और स्थानीय युवा तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए युवाओं ने मलबा हटाकर चारों लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया। हादसे में मकान मालिक भीम सिंह की पत्नी और उनकी विवाहित बेटी की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम नाती-दोहती घायल हो गए।
हादसे में घायल निर्मला देवी (60), पत्नी भीम सिंह, और उनकी विवाहित बेटी पूजा (32), पत्नी अमित राणा, ने सिविल अस्पताल राजगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया गया कि पूजा इन दिनों अपने मायके छिछड़ियाधार आई हुई थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं हादसे में घायल दोनों मासूमों का उपचार चल रहा है। डेढ़ वर्षीय दोहती ईरा की हालत गंभीर होने पर उसे सोलन रेफर किया गया है, जबकि डेढ़ वर्षीय नाती अबियाना का उपचार जारी है।
इस हादसे में एक बड़ा हादसा टल गया। परिवार की बहू हादसे से महज दो मिनट पहले किसी काम से मकान से बाहर निकली थी। कुछ ही देर बाद पूरा तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। बाहर होने के कारण उसकी जान बच गई। वहीं मकान मालिक भीम सिंह भी हादसे के समय घर में मौजूद नहीं थे। अगर दोनों उस समय मकान के अंदर होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
मकान गिरने के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और स्थानीय युवा घटनास्थल पर पहुंचे। किसी तरह के इंतजार के बजाय युवाओं ने खुद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने मलबे को हटाकर उसमें दबे चारों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों की इस तत्परता के कारण दोनों मासूमों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद निर्मला देवी और पूजा को नहीं बचाया जा सका।
हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन की ओर से हादसे में प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई गई है। तहसीलदार राजेंद्र शर्मा ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। वहीं सोलन रेफर की गई मासूम बच्ची के उपचार के लिए 5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
हादसे के समय मौसम साफ था। ऐसे में तीन मंजिला मकान का अचानक भरभराकर गिरना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन हादसे की परिस्थितियों और मकान गिरने के कारणों की जानकारी जुटा रहा है।
एक पल में पूरा आशियाना मलबे में तब्दील हो गया और परिवार ने मां-बेटी को खो दिया। हादसे के बाद छिछड़ियाधार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। दो मासूमों के घायल होने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।