रूस-यूक्रेने के बीच जारी संघर्ष पर विराम लगाने की कवायदों के क्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बाद अब यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक की। इस दौरान कई यूरोपीय नेता भी मौजूद रहे। वार्ता के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बयान के जरिए बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच जारी ये जंग जल्द ही समाप्त होगी। पुतिन भी इसे जारी रखना नहीं चाहते। जेलेंस्की भी इस पर विराम लगाना चाहते हैं। पूरा विश्व ही जंग से ऊब गया है। जल्द ही शांति स्थापित होगी, युद्ध थमेगा। आगे बोलते हुए ट्रंप ने यह भी कहा कि हालांकि ये कब होगा पता नहीं। इस दौरान उन्होंने अपने पूर्ववर्ती जो बाइडन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इन दोनों देशों बीच जंग के लिए बाइडन प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही अब त्रिपक्षीय वार्ता के संकेत दिए। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूरोपीय देश यदि यूक्रेन को सुरक्षा की गारंटी देते हैं तो अमेरिका इसमें उनका साथ देगा ताकि रूस के साथ युद्ध समाप्त किया जा सके। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की व अन्य कई यूरोपीय नेताओं से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने यह भरोसा दिलाया।
जेलेंस्की और ट्रंप ने वार्ता के बाद उम्मीद जताई कि यूरोप, यूक्रेन व अमेरिका के नेताओं के बीच हुई यह महत्वपूर्ण वार्ता पुतिन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। ट्रंप ने कहा, अगर आज सब कुछ ठीक रहा, तो हम त्रिपक्षीय वार्ता करेंगे। हम रूस के साथ काम करेंगे, हम यूक्रेन के साथ काम करेंगे। ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका बिना युद्ध विराम के भी यूक्रेनी संकट को समाप्त करने के लिए बातचीत करने का प्रयास कर सकता है, जिससे लड़ाई रुक जाएगी। ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि रूस, यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी स्वीकार करने पर सहमत होगा। उन्होंने कहा, पुतिन सचमुच कुछ करना चाहेंगे। हालांकि इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि इस मामले में संभावित क्षेत्रीय आदान-प्रदान पर चर्चा करने की आवश्यकता है। जेलेंस्की इस विषय पर अब तक अड़े रहे हैं और यूक्रेन की भूमि रूस को सौंपने के किसी भी प्रस्ताव के विरोध में हैं। जेलेंस्की ने बाद में कहा कि अमेरिका का सुरक्षा गारंटी पर मजबूत संकेत देना महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने कहा, मेरे हिसाब से पुतिन भी युद्ध खत्म करना चाहते हैं।
Next Article
Followed