कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन के खापा परिक्षेत्र में सोमवार सुबह बाघ ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, उसने हिम्मत दिखाते हुए लाठी से बाघ के सिर पर वार किए और अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया।
घटना सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच की है। ग्राम करेली निवासी संतोष मेश्राम (30) रोज की तरह कृषि कार्य के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोवाला बीट के जंगल से सटे रास्ते पर झाड़ियों में घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ ने संतोष को दबोच लिया और उनके दोनों हाथों को अपने जबड़े में जकड़ लिया।
पढ़ें: विधायक के बयान पर भड़कीं महिला MLA, मंच पर ही दे दिया जवाब
संतोष ने हिम्मत नहीं हारी और हाथ में मौजूद लाठी से बाघ के सिर पर लगातार वार करने शुरू कर दिए। इस दौरान उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की आहट और संतोष के प्रतिरोध के चलते बाघ उन्हें छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
हमले में संतोष के दोनों हाथों में बाघ के दांतों से गहरे जख्म हुए हैं। इसके अलावा सिर में भी गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें बैहर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
घटना के बाद बफर जोन से लगे गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। ग्रामीणों से सुबह और शाम के समय जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की अपील की गई है।