उत्तर प्रदेश के झांसी-मऊरानीपुर मार्ग स्थित लुहारी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर भाजपा नेताओं और टोल कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजू बरसैंया सहित कई भाजपा नेता टोल कर्मचारियों से बहस करते नजर आ रहे हैं। विवाद काफी देर तक चलता रहा, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाजपा नेताओं का दावा था कि जिस वाहन से वे यात्रा कर रहे थे, उसी से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार को झांसी रेलवे स्टेशन छोड़ा गया था। नेताओं का कहना था कि इसी आधार पर उन्हें टोल शुल्क में छूट मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री का नाम लेते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को फोन भी किए। मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाते रहे।
हालांकि, टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से नियमों का हवाला देते हुए बिना टोल शुल्क लिए वाहन को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि निर्धारित नियमों के अनुसार टोल शुल्क का भुगतान किए बिना किसी वाहन को नहीं छोड़ा जा सकता।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। वायरल वीडियो में भाजपा नेता टोल कर्मियों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान वाहन को आगे बढ़ने से रोकने के लिए उसकी हवा निकाल दिए जाने की भी बात सामने आई, जिसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
घटना के दौरान भाजपा नेता अप्पू राजा सोनी भी मौके पर मौजूद रहे। वीडियो में वे कई बार फोन पर बातचीत करते और मामला सुलझाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजू बरसैंया सहित अन्य नेता लगातार टोल कर्मचारियों से अपनी बात मनवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने नियमों का पालन करने की बात दोहराई।
ये भी पढ़ें- MP: मंदसौर में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर पुलिस का बड़ा छापा, दो तस्कर गिरफ्तार; भारी मात्रा में केमिकल जब्त
काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई और आवागमन बहाल कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल इस मामले में टोल प्रबंधन, संबंधित प्रशासन या भाजपा नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।