दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉपरेटिव बैंक चौराहा स्थित वृद्धाश्रम परिसर के बाहर लगाए गए धार्मिक चित्रों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यहां रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़े सदस्य केदार शर्मा द्वारा दीवार पर भगवान श्रीराम और हनुमान जी के चित्र बनवाए गए थे, जिस पर अब आपत्ति जताते हुए मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
नेकी की दीवार पर धार्मिक चित्रों से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, वृद्धाश्रम के बाहर कुछ समय पहले ‘नेकी की दीवार’ की शुरुआत की गई थी, जहां जरूरतमंदों के लिए पुराने कपड़े रखे और लिए जाते थे। लेकिन लगातार गंदगी फैलने और असामाजिक स्थिति बनने के कारण यह व्यवस्था बंद कर दी गई। इसके बावजूद लोग वहां पुराने कपड़े फेंकते रहे, जिससे क्षेत्र में गंदगी बनी रही। इसी समस्या को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य केदार शर्मा द्वारा दीवार पर भगवान श्रीराम और हनुमान जी के चित्र बनवाए गए, ताकि लोग धार्मिक भावनाओं के कारण गंदगी फैलाने से बचें।
ये भी पढ़ें- मानसून से पहले ही मेहरबान मौसम, आज ग्वालियर-चंबल समेत कई संभागों में आंधी-बारिश की चेतावनी
हिंदू संगठनों का विरोध, ‘आस्था से खिलवाड़’ का आरोप
इस कदम का हिंदू संगठनों ने विरोध किया है। हिंदू संगठन से जुड़े नित्या प्यासी का आरोप है कि गंदगी वाले स्थान पर धार्मिक चित्र बनाना आस्था के साथ खिलवाड़ है।उनका कहना है कि जिस स्थान पर लोग गंदगी फैलाते हैं, वहां देवताओं के चित्र लगाना उचित नहीं है। संगठन ने आरोप लगाया कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और प्रशासन को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। विरोध के बाद दीवार पर बनी पेंटिंग को लेकर विवाद और तेज हो गया।
पुलिस को शिकायत, कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर शनिवार रात कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।
‘गंदगी रोकने के लिए बनवाए चित्र’ – केदार शर्मा
रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य केदार शर्मा ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम के बाहर लोग लगातार गंदे कपड़े और कचरा फेंक रहे थे, जिससे जगह बदहाल हो रही थी। कई बार समझाइश के बावजूद स्थिति नहीं बदली, जिसके बाद उन्होंने यह चित्र बनवाए ताकि लोग धार्मिक भावनाओं के कारण यहां गंदगी फैलाने से बचें। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोग वहां कचरा और पुराने कपड़े न फेंकें।
आनन फानन में हटाई गई पेंटिंग
फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आनन फानन में व्हाइट पेंट की मदद से तत्काल पेंटिंग हटाई गई।