जिले के जबेरा ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध जोगन कुंड धाम में रविवार सुबह सेल्फी लेते समय एक युवक हादसे का शिकार हो गया। नजारा पॉइंट पर फिसलन के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पत्थरों के बीच जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के चालक दौलत रैकवार और ईएमटी संजू अहिरवार मौके के लिए रवाना हुए। नजारा पॉइंट तक का रास्ता बेहद संकरा, पथरीला और फिसलन भरा होने के कारण एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद दोनों कर्मचारी पैदल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
स्पाइन बोर्ड की मदद से सुरक्षित निकाला
घायल युवक की पहचान सिग्रामपुर चौकी क्षेत्र के गुबरा गांव निवासी 30 वर्षीय सुभाष राय के रूप में हुई है। वह जोगन कुंड धाम घूमने आया था। सेल्फी लेते समय उसका पैर फिसल गया और वह पत्थरों के बीच गिर गया। 108 टीम ने पहले उसकी स्थिति का आकलन किया। रीढ़ की हड्डी को नुकसान न पहुंचे, इसलिए उसे सावधानीपूर्वक स्पाइन बोर्ड पर लिटाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से पथरीले रास्ते से सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया।
पढ़ें: शिवमय हुई नगरी, सुगंधित फूलों से सजा ज्योतिर्लिंग; आज निकलेगी भव्य पालकी
घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकता चार पहिया वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नजारा पॉइंट तक जाने वाला रास्ता इतना दुर्गम है कि वहां चार पहिया वाहन भी नहीं पहुंच सकता। ऐसे में घायल को मुख्य मार्ग तक लाना सबसे बड़ी चुनौती थी। बावजूद इसके 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
उपचार के बाद मिली छुट्टी
घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जबेरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर पाई गई और उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। बारिश के मौसम में जोगन कुंड जैसे पर्यटन स्थलों पर पथरीले रास्तों में फिसलन काफी बढ़ जाती है। ऐसे स्थानों पर सेल्फी या फोटो लेते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। रविवार की यह घटना एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सतर्कता और सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है।