{"_id":"6a774ef36e13a6467c02a5eb","slug":"damoh-heavy-rain-vyarma-river-overflows-traffic-disrupted-damoh-news-c-1-1-noi1513-4591702-2026-08-08","type":"video","status":"publish","title_hn":"व्यारमा नदी में आया उफान: पुल से दो फीट ऊपर बह रहा पानी; तारादेही-महाराजपुर मार्ग बंद, दोनों ओर फंसे वाहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
व्यारमा नदी में आया उफान: पुल से दो फीट ऊपर बह रहा पानी; तारादेही-महाराजपुर मार्ग बंद, दोनों ओर फंसे वाहन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह Published by: दमोह ब्यूरो Updated Sun, 09 Aug 2026 11:01 PM IST
Link Copied
दमोह जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं तेंदूखेड़ा ब्लॉक में बारिश के बाद हालात बिगड़ने लगे। लगातार बारिश के चलते व्यारमा नदी उफान पर आ गई। शनिवार शाम करीब छह बजे तारादेही-महाराजपुर मार्ग पर बने व्यारमा नदी के पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बहने लगा। पानी बढ़ने के साथ ही मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया और पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुल पर पानी आने की सूचना मिलते ही तारादेही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों को पुल पार नहीं करने की समझाइश दी और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी। पुल के ऊपर तेज बहाव होने के कारण वाहनों और राहगीरों को रोक दिया गया।
दो दर्जन से अधिक गांवों के संपर्क पर असर
व्यारमा नदी पर बना यह पुल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। तारादेही-महाराजपुर मार्ग से देवरी, महाराजपुर समेत आसपास के करीब दो दर्जन गांव जुड़े हुए हैं। पुल के डूबने से इन गांवों से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई। मार्ग के दोनों ओर वाहन फंसने से यातायात प्रभावित रहा। बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता रहा। ऐसे में स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि पानी का बहाव कम होने तक पुल पार करने का प्रयास न करें।
सारसबगली में भी जलभराव, धुबा नाला उफान पर
लगातार बारिश का असर तेंदूखेड़ा ब्लॉक के सारसबगली गांव में भी दिखाई दिया। गांव से बाहर आने-जाने वाले रास्तों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण दशरथ यादव के मुताबिक, रास्तों पर पानी भरने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं सारसबगली क्षेत्र का धुबा नाला भी उफान पर है। ग्रामीणों के अनुसार नाले के ऊपर करीब चार से पांच फीट पानी बह रहा है, जिससे यहां भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
रातभर बारिश हुई तो बढ़ सकती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रातभर इसी तरह तेज बारिश जारी रहती है तो क्षेत्र में जलस्तर और बढ़ सकता है। इससे नदी-नालों के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ सकती है। फिलहाल व्यारमा नदी के पुल पर पानी का तेज बहाव होने के कारण मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी तथा जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।