दमोह जिले की जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने परशुराम टेकरी के समीप गुरुवार सुबह अवैध शराब भट्टी पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ महुआ लहान जब्त किया है। यहां महिलाएं अवैध शराब विक्रय का काम करती हैं। इसलिए उन्हें भागने का मौका ही नहीं मिला और पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है और अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
एसपी के निर्देश पर देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, साथ ही करीब 310 किलो महुआ लहान बरामद किया है, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कुल छह प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यहां फैक्ट्री की तरह अवैध शराब बनाई जा रही थी जिसे देख पुलिस भी हैरान रह गई।
ये भी पढ़ें- बांध का निरीक्षण करने पहुंचे दमोह सांसद पर मधुमक्खियों का हमला, नेताओं और अफसरों ने भी लगाई दौड़
पुलिस ने जिन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनमें शालनी कुचबंदिया (22) निवासी पॉलीटेक्निक कॉलेज के पीछे, पूजा कुचबंदिया (35) निवासी परसराम टेकरी, संजना कुचबंदिया (30), निवासी परसराम टेकरी, अर्चना कुचबंदिया (38) निवासी परसराम टेकरी, ललिता कुचबंदिया (35), निवासी परसराम टेकरी, मनीषा कुचबंदिया (28) निवासी पॉलीटेक्निक कॉलेज के पीछे रहने वाली महिला को गिरफ्तार किया गया है।
ये भी पढ़ें- सात दिन पहले लापता भाइयों के शव 8 किमी दूर जंगल में मिले, एक शव का मिला कंकाल; दूसरा शव सुरक्षित
खुलेआम बिकती है अवैध शराब
बता दें जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में पॉलिटेनिक कॉलेज के समीप खुलेआम अवैध कच्ची शराब का कारोबार किया जाता है। इसी तरह एसपी बंगला के सामने भी अवैध शराब बिकती है। आए दिन शराबी यहां सड़क पर शराब के नशे में पड़े रहते हैं। इसी अवैध शराब के व्यापार के चलते इस इलाके में हत्या जैसे अपराध भी घटित हो गए। पुलिस यदि कार्रवाई करती भी है तो जेल से बाहर आने के बाद महिला, पुरुष दोनों फिर से अवैध शराब के कारोबार में लग जाते हैं।