दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में मंगलवार को ब्यारमा नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिससे क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। इस आपदा से दर्जनों गांव जलमग्न हो गए और हजारों एकड़ की फसल तबाह हो गई। नदी के दोनों ओर बसे गांवों में हालात बिगड़ते देख एसडीआरएफ की टीम को सक्रिय किया गया, जिसने विभिन्न स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। हालात को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
टाइगर रिजर्व के जंगलों से आया पानी बना संकट
ब्यारमा नदी वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से होकर बहती है। वहां तेज बारिश के चलते मंगलवार को नदी अचानक उफान पर आ गई। तेज बहाव के कारण ग्राम खमतरा, बिल्तरा, सारसबगली, बमोहरी, कोटखेड़ा, कोसमदा और तारादेही जैसे गांवों में पानी भर गया और संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए।
यह भी पढ़ें- Shivpuri News: सिंध नदी में उफान से मचा हाहाकार, गांव-स्कूल जलमग्न; डैम के आठ गेट खोलकर छोड़ा जा रहा पानी
गर्भवती महिला और दंपति का सफल रेस्क्यू
ग्राम बमोहरी मॉल में गर्भवती महिला विनीता पति वीरेंद्र रैकवार पानी में फंस गई थीं। तेज बहाव से गांव का नाला टूट चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सौरभ गंधर्व, जनपद सीईओ मनीष बागरी और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। फिर ग्रामीणों की मदद से महिला का रेस्क्यू कराकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा भिजवाया गया।
वहीं, थाना तारादेही अंतर्गत ग्राम जैतगढ़ में आदिवासी दंपति कौशल गौड़ और पत्नी आशारानी खेत में बनी झोपड़ी में फंस गए थे। एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्राची दुबे के नेतृत्व में टीम ने दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके घर पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- Sagar: उफनते नाले में बह गई गर्भवती महिला, पति संग बाइक से पार कर रही थी पुल; 17 घंटे की बारिश से बिगड़े हालात
तारादेही गांव चारों ओर से जल से घिरा
तारादेही गांव पूरी तरह जलमग्न हो गया है। यहां के सरपंच और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सचिन बड़कुल ने बताया कि ब्यारमा का ऐसा रौद्र रूप उन्होंने पहली बार देखा है। गांव की सभी सड़कें बंद हो चुकी हैं और गांव जल द्वीप बन गया है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से ही गांवों में राहत पहुंच सकी।
प्रशासन अलर्ट पर, कलेक्टर ने की अपील
कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन के साथ खड़ा है। सभी प्रभावित क्षेत्रों से निरंतर संपर्क बनाए रखा गया है। उन्होंने अपील की कि कोई भी व्यक्ति बाढ़ वाले क्षेत्रों में पुल-पुलियों या रपटों को पार करने का प्रयास न करे। किसी भी आपात स्थिति में लोग आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Betul News: उफनती नदी के बीच प्रसव पीड़ा, बैलगाड़ी बनी जिंदगी का सहारा; वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल
शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित
तेंदूखेड़ा क्षेत्र की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए विद्यालय, महाविद्यालय, आईटीआई, आंगनवाड़ी जैसे सभी शिक्षण संस्थानों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासनिक आदेशों के अनुसार अगले आदेश तक क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह छुट्टी प्रभावी रहेगी।