मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ थाने के ग्राम पटेरिया में ससुराल आए दामाद का शव मंगलवार सुबह पेड़ से लटका मिला। मृतक की चार महीने पहले शादी हुई थी और वह अपनी दादी का सोने का हार लेकर ससुराल के लिए निकला था। पुलिस को जानकारी लगने पर शव को नीचे उतारकर मृतक के परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक घर से बिना बताए ससुराल आया था। परिजनों को जानकारी लगी तो वह भी हैरान रह गए। उन्होंने बेटे के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। मृतक युवक की पहचान सुखदेव पिता राजेश आदिवासी निवासी मझगवां 30 के रूप में हुई। मृतक के पिता और चाचा, चाची के साथ अन्य लोग भी तेंदूखेड़ा पहुंचे। जिनकी मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई।
पिता को नहीं थी जानकारी
मृतक के पिता राजेश आदिवासी ने बताया वह तारादेही थाने के मझगवां गांव के निवासी हैं। मेरे पुत्र की शादी चार माह पहले तेजगढ़ थाना के पटेरिया गांव में भूपत आदीवासी की बेटी के साथ हुई थी। रक्षाबंधन के दूसरे दिन मेरे पुत्र सुखदेव ने दादी के गले का हार लिया और अचानक गायब हो गया। बड़ी बहू के यहां डिलीवरी होनी है, इसलिए में दो दिन से तेंदूखेड़ा में रुका हूं। बेटा अपनी ससुराल गया इसकी सूचना मुझे मंगलवार सुबह मिली, जब उसका शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी आई थी। वह ससुराल में था, लेकिन किसी ने पहले मुझे सूचना नहीं दी। उसके शरीर पर मारपीट के निशान भी है। हम लोगों को संदेह है कि उसके साथ पहले मारपीट की गई फिर हत्या कर पेड़ पर लटका दिया।
ये भी पढ़ें- Bageshwar Dham: युगांडा की पीएम से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भेंट, बागेश्वर धाम मठ बनाने का मिला आमंत्रण
एक सप्ताह पहले गया था भतीजा
मृतक के चाचा राजेंद्र आदिवासी ने बताया उनका भतीजा पिछले मंगलवार को घर से गया था और सात दिन से ससुराल में रह रहा था। हम लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन किसी ने कोई सूचना नहीं दी। ग्राम पटेरिया के लोगों ने मंगलवार सुबह बताया कि सुखदेव मृत अवस्था में पेड़ पर लटका है उसके बाद हम लोगों को जानकारी लगी हम लोग मौके पर पहुंचे। जब गांव के लोगों ने घटना देखी तो ससुराल के लोगों को भी पता चला होगा क्योंकि जिस जगह सुखदेव पेड़ से लटका था उससे पचास कदम दूर उसकी सुसराल है। हमें संदेह है कि भतीजे की हत्या की गई है। इसलिए पूरी जांच निष्पक्ष की जाये। मृतक के ससुर ने बताया उनका दामाद मंगलवार को अपनी सुसराल आ गया थे। सोमवार की रात अच्छे भले सोये थे। फिर रात में कब गायब हो गये किसी को पता नहीं चला। सुबह उठे और देखा तो उनका शब पेड़ से लटका हुआ था। तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।
ये भी पढ़ें- Indore: पांच जजों की बेंच ने की सुनवाई, ब्लैक लिस्टेड फर्म से जुड़े मामले की सुनवाई रही अधूरी