गुना में नेशनल हाईवे पर ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई है। करीब 20 मजदूर घायल हैं। पुलिस के अनुसार सभी मजदूरी करके लौट रहे थे। सभी खराई गांव के रहने वाले हैं जो धमनार गांव मजदूरी करने गए थे।
जिसकी मौत हुई वो नाबालिग
पुलिस के अनुसार जिस मजदूर की मौत हुई है वो नाबालिग है। गांव के लोग अपने साथ उसे भी मजदूरी के लिए ले गए थे। शाम को 5:30 बजे खेराई के पास ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर मजदूर अपने गांव रायपुर चक लौट रहे थे। ये सभी गांव दुनाई से प्याज खोदकर लौट रहे थे। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे ट्रॉली में बैठे थे। जब पीछे से ट्रक ने ट्राली को टक्कर मारी तब सभी मजदूर हवा में उछल गए। अचानक हुए एक्सीडेंट से बच्चे चीखने लगे। इनमें से एक नाबालिग भी था जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके माता-पिता किसी घरेलू काम में उलझे थे, इसलिए बेटे को मजदूरी पर अकेले भेजा था।
ये भी पढ़ें-गुना पथराव मामला: दूसरे पक्ष पर भी FIR, भाजपा पार्षद सहित चार नामजद और 10 अन्य लोगों पर मामला दर्ज
मां अस्पताल पहुंची
जब नाबालिग की मां अस्पताल पहुंची तब उसका शव खून से लथपथ स्ट्रेचर पर पड़ा हुआ था। मां, शव से लिपटकर रोने लगी। इसको देखकर डॉक्टर और नर्सों की आंखे नम हो गईं। पुलिस ने बताया कि घटना का रुप बड़ा हो सकता था अगर ट्रॉली पलट जाती। इस घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी संजीव कुमार सिन्हा, एसडीएम शिवानी पाठक, तहसीलदार गौरी शंकर बेरवा, मौके पर पहुंचे।