गुरुवार सुबह गुना शहर उस समय दहल उठा जब वंदना कॉन्वेंट स्कूल के पास हथियारों से लैस बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। मंदिर से दर्शन कर लौट रहे विंध्याचल कॉलोनी निवासी नरेश चौकसे को आधा दर्जन हमलावरों ने घेरकर लाठी, डंडों और लोहे के पाइप से बेरहमी से पीटा। हमले के दौरान मुख्य आरोपी ने कट्टा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह नरेश चौकसे मंदिर से दर्शन कर स्कूटर से घर लौट रहे थे। स्कूल की घाटी के पास संतोष किरार, उसका बेटा सूरज किरार और चार अन्य साथी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही नरेश वहां पहुंचे, आरोपियों ने उनके स्कूटर पर लाठी मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। जान बचाने के लिए नरेश भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और लोहे के पाइप व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में नरेश के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान संतोष किरार ने कमर से कट्टा निकालकर नरेश के माथे पर तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। सड़क पर करीब सौ लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बताया जाता है कि अचानक मुख्य मार्ग से किसी वाहन का हूटर सुनाई दिया, जिससे आरोपियों को पुलिस के आने का आभास हुआ और वे मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल नरेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में पांच टांके आए हैं, जबकि हाथ में गंभीर चोट है।
पढ़ें: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के नाम पर सियासी संग्राम: कांग्रेस, भाजपा, छात्र संगठन और हिंदू संगठन आमने-सामने
पीड़ित नरेश चौकसे ने पुलिस को बताया कि विवाद की जड़ बमोरी स्थित उनका एक प्लॉट है। उक्त जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम पर है, लेकिन आरोपी उस पर कब्जा करना चाहते थे। कलेक्टर से शिकायत के बाद प्रशासन ने जमीन खाली कराई थी। तभी से आरोपी उनसे रंजिश रखे हुए हैं। नरेश का आरोप है कि 25 मई को भी कटरा गांव के पास आरोपियों ने उनकी कार पर हमला कर शीशे तोड़ दिए थे, जिसकी एफआईआर कोतवाली थाने में दर्ज है।
नरेश का कहना है कि उन्होंने कई बार एसपी कार्यालय और कलेक्ट्रेट में सुरक्षा की मांग करते हुए आवेदन दिए, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि पुलिस पहले सख्ती दिखाती, तो यह हमला टाला जा सकता था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्कूल के आसपास हुई इस वारदात से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हथियार लहराकर हमला किया जा सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
वारदात के बाद कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान कर ली है। फुटेज में संतोष किरार, सूरज किरार और अन्य आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास, बलवा, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक हितिका बासल ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।