केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार रात शिवपुरी आए और अचानक अपना चार दिन का दौरा रद्द कर दिल्ली लौट गए। अपने संक्षिप्त शिवपुरी दौरे में उन्होंने कुछ शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया आईटीबीपी जवान गौरव सेंगर के घर पहुंचे, जिनका हाल ही में निधन हो गया था। उन्होंने गौरव सेंगर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया।
चार दिवसीय दौरा अचानक किया निरस्त
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र का चार दिन का दौरा अचानक रद्द कर दिया। वे गुरुवार रात शिवपुरी पहुंचे थे और कुछ शोक संतप्त परिवारों से मिलने के बाद वहां से ग्वालियर होते हुए दिल्ली लौट गए। इस दौरे के दौरान उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होना था, लेकिन अब पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
PM मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। यह सिर्फ एक देश की लड़ाई नहीं है, बल्कि इंसानियत को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि गौरव सेंगर जैसे जवानों की शहादत हमें ये याद दिलाती है कि आज़ादी और सुरक्षा कितनी कीमती है। अब आतंकवाद के लिए इस धरती पर कोई जगह नहीं बची है। यह वक्त फैसला लेने का है और भारत अब पीछे नहीं हटेगा।
यह भी पढ़े:
आर्मी के लिए मप्र से 7.5 लाख ट्रक तैयार, ड्राइवर और कंडक्टरों की छुट्टी निरस्त, पीएम को लिखा पत्र
आतंकवादियों को दिया मुंह तोड़ जवाब
भारत-पाक तनाव के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में कहा कि जो आतंकवादी हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने और मां के चिरागों को बुझाने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें अब मुंहतोड़ जवाब मिला है। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी तीनों सेनाओं ने आतंकियों और उनके ठिकानों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया है। ऑपरेशन 'सिंदूर' के तहत भारत ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है और पूरे विश्व को संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद के खात्मे के लिए हर देश के साथ मिलकर काम करेगा।
यह भी पढ़े:
महिला को झांसा देकर उतरवा ले गए गहने, नाबालिग ने पता पूछा, युवक-युवती ने बातों में उलझाया
उन्होंने यह भी कहा कि हमारे वायुसेना, ड्रोन और मिसाइलों ने बेहद सटीक तरीके से आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इससे यह साबित होता है कि भारत का रक्षा तंत्र पिछले 10 सालों में कितना मजबूत हुआ है। यह लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है, जिसमें अब पूरी दुनिया भारत और प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है।