ग्वालियर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब लक्ष्मीगंज निवासी राजेश किरार ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह परिसर में गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए एक हजार बिस्तर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजेश किरार सोमवार को किसी मामले के संबंध में अपनी बात रखने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा था। वह कार्यालय परिसर में मौजूद था, इसी दौरान उसने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते वह परिसर में गिर पड़ा। राजेश की हालत बिगड़ते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए। पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला और बिना देर किए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। उसे एक हजार बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- नक्सलवाद के खात्मे का असर, बिरसा ब्लॉक में 40 साल बाद पहुंची स्वास्थ्य टीम, 125 बच्चों की बची जान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि राजेश किसी बात को लेकर परेशान था। हालांकि, उसकी परेशानी की वास्तविक वजह क्या थी और उसने एसपी कार्यालय में ही जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले राजेश किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। साथ ही पुलिस एसपी कार्यालय परिसर में घटनाक्रम के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजेश की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।