हरदा जिले में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते जिले की कई नदियां और नाले उफान पर बह रहे हैं। तेज बहाव के कारण कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे जिला मुख्यालय का आसपास के कई गांवों से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार कासरनी नदी, रहटगांव क्षेत्र की अजनाल नदी, ग्राम कायरी की गंजाल नदी तथा माचक नदी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई स्थानों पर पुल-पुलियों पर पानी आने से प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को इन मार्गों का उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी स्थिति में उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 19 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, नदी-नाले उफान पर
जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों को जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी भी की गई है।
मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
इसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में हालात पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।