हरदा के सिराली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंदी मुहाडिया और लोलागंरा के बीच नहर किनारे स्थित एक खेत में एक महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिराली थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
मृतका की पहचान सेवंती बाई (35), पति वंशीलाल पालवी, निवासी ग्राम घोड़ापाठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सेवंती बाई खेतों में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है।
जांच के दौरान पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी या घटना के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- MP News: एमपी में 10 साल बाद पदोन्नतियों का रास्ता खुला, विधानसभा सचिवालय ने जारी किए पहले आदेश
पुलिस आसपास के ग्रामीणों और मृतका से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।