क्राइम ब्रांच, बेलबाग और अधारताल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी जबलपुर के निवासी हैं और कम कीमत पर इंजेक्शन खरीदकर नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस इस अवैध कारोबार के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 6,600 नशीले इंजेक्शन, एक ई-रिक्शा और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और बेलबाग पुलिस ने रामलीला मैदान के पास संयुक्त घेराबंदी कर ई-रिक्शा क्रमांक MP-20-ZX-7302 को रोका। वाहन में सवार एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दुर्गा पटेल (46 वर्ष), निवासी समता कॉलोनी, गोहलपुर बताया। तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से तीन कार्टन और एक बोरी में रखे फेनिरामाइन मैलेट और बुप्रेनोर्फिन के 3,200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पढ़ें: तीसरी सीट पर भाजपा का प्रत्याशी उतारने का फिलहाल कोई विचार नहीं; प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोलें
दुर्गा पटेल ने पूछताछ में बताया कि वह यह खेप अमजद खान के कहने पर मोहम्मद आरिफ तक पहुंचाने जा रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद आरिफ (ठक्कर ग्राम, पंचकुइया, हनुमानताल) और अमजद खान (48 वर्ष, गाजी नगर झुग्गी-झोपड़ी, गोहलपुर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि सैय्यद अशरफ अली और सौरभ (निवासी गुलाटी पेट्रोल पंप क्षेत्र, मदनमहल) उत्तर प्रदेश से नशीले इंजेक्शन मंगवाकर शहर में सप्लाई करवाते थे। पुलिस ने सैय्यद अशरफ अली को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सौरभ फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अधारताल में 3,400 नशीले इंजेक्शन बरामद
एक अन्य कार्रवाई में अधारताल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मिल्क स्कीम क्षेत्र से गीतांशु साहू (25 वर्ष), निवासी बजरंग बाड़ा को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से चार बोरियों में रखे 3,400 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में गीतांशु ने बताया कि भानतलैया निवासी कल्लू दद्दा ने उसे यह इंजेक्शन बिक्री के लिए रखवाए थे। आरोपी एविल और बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन का कॉम्बिनेशन तैयार कर सिरिंज के माध्यम से नशेड़ियों को 300 से 500 रुपये प्रति डोज में बेचते थे। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।