मध्यप्रदेश के कटनी जिले में सर्पदंश के मामले में झाड़फूंक कराने के चक्कर में इलाज में देरी होने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। घटना स्लिमानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धरवारा की है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात घर में घुसे जहरीले सांप ने शिव कोल के बेटे विजय कोल और बेटी उर्मिला कोल को सोते समय डस लिया। उर्मिला के दर्द से चीखने पर परिवार के लोग जागे और उसके पैर में सर्पदंश के निशान देख उसे बहोरीबंद के ग्राम कुआं स्थित शेषनाग मंदिर के तांत्रिक के पास झाड़फूंक कराने ले गए। उसी दौरान, उसी सांप ने विजय को भी डस लिया।
पढ़ें: जर्जर स्कूल भवन बना खतरा, प्लास्टर गिरने से छात्र घायल; शिक्षा विभाग की लापरवाही फिर उजागर
पड़ोसियों ने विजय को तुरंत स्लिमानाबाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत बिगड़ने पर दोनों को कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उर्मिला की सुबह 2 बजे और विजय की करीब 4 बजे मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि बेटी पेटी पर और बेटा जमीन पर सो रहा था, तभी सांप ने दोनों को डस लिया। सांप को पकड़कर वे झाड़फूंक कराने गए, लेकिन इस देरी के कारण जहर तेजी से फैल गया। धरवारा ग्राम पंचायत के उप सरपंच ने ग्रामीणों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।