मध्यप्रदेश के कटनी जिले में रेलवे सुरक्षा बल और बाल कल्याण समिति ने मिलकर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन किया। गुजरात जा रही शक्तिपुंज एक्सप्रेस से चार नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध हालात में बरामद किया गया। पुलिस को देखते ही ट्रेन में हड़कंप मच गया और बच्चियां भागने लगीं, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई टीम
जानकारी के मुताबिक चारों बच्चियां झारखंड के पलामू जिले की रहने वाली हैं और गुजरात की ओर जा रही थीं। आरपीएफ को खबर मिली थी कि चार नाबालिग बच्चियां दो संदिग्ध युवकों के साथ ट्रेन में सफर कर रही हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीआई वीरेंद्र सिंह अपनी 11 सदस्यीय टीम और बाल कल्याण समिति के पांच सदस्यों के साथ न्यू कटनी जंक्शन पहुंच गए।
आउटर पर हुई चैन पुलिंग
जैसे ही ट्रेन स्टेशन के आउटर पर पहुंची और टीम की मौजूदगी का आभास हुआ, ट्रेन में चैन पुलिंग कर दी गई। चारों बच्चियां ट्रेन से उतरकर भागने लगीं। हालांकि टीम ने तेजी दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में लव जिहाद! माथे पर तिलक, गले में तुलसी माला और किए दर्शन, कुछ ऐसे खुला पूरा राज
बाल विवाह या मानव तस्करी, जांच जारी
बाल कल्याण समिति के सदस्य दुर्गेश तिवारी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में बच्चियों ने कहा है कि उनके परिजन कम उम्र में शादी कराना चाहते थे। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा है या बाल विवाह से। दोनों संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चारों बच्चियों को बालिका गृह में सुरक्षित रखा गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।