दिल्ली में हाल ही में हुए एसी ब्लास्ट की घटना के बाद कटनी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। फायर सेफ्टी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए साधुराम स्कूल परिसर में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
जैसे ही सायरन बजा, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे परिसर में अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। परिकल्पित आगजनी और आपातकालीन स्थिति के बीच पुलिस बल, नगर निगम अमला, एसडीईआरएफ और दमकल की टीमों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे मौके पर बिल्कुल वास्तविक घटना जैसा दृश्य देखने को मिला।
पढ़ें: 800 करोड़ निवेश का एलान, CM यादव बोले- अब यहां बसेंगे बड़े उद्योग
एसडीईआरएफ की अधिकारी श्वेता गुप्ता ने बताया कि कंट्रोल रूम पर इमरजेंसी कॉल मिलते ही टीम को तुरंत अलर्ट किया गया और मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल का मकसद आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। वहीं नगर निगम के इंजीनियर मृदुल द्विवेदी ने बताया कि दिल्ली जैसी घटनाओं को देखते हुए अब स्थानीय स्तर पर तैयारियों को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।
इस तरह के अभ्यास से न सिर्फ टीमों की क्षमता का आकलन होता है, बल्कि आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ती है और आपदा के समय घबराहट कम करने में मदद मिलती है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मॉक ड्रिल लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके और जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।