मध्यप्रदेश के कटनी जिले के मुड़वारा ब्लॉक के ग्राम देवरीहटाई में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैलने से पूरे गांव में दहशत और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब तक 56 मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से 4 की मौत हो गई है। 9 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात आशा कार्यकर्ता और एएनएम ने बीमारी की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी थी। उसी रात 5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। करीब 3,575 की आबादी और लगभग 750 मकानों वाले इस गांव में बीमारी तेजी से फैल रही थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर अब काबू पाया जा रहा है।
1 अगस्त को डॉ. सुनील त्रिपाठी के नेतृत्व में ब्लॉक और सेक्टर स्तरीय टीम ने गांव का दौरा कर 10 मरीजों का इलाज किया और ग्रामीणों को साफ पानी पीने व स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। 2 अगस्त को जिला स्तरीय टीम ने निरीक्षण कर 16 और मरीजों का उपचार किया।
पढे़ं: शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी ने तेज रफ्तार कार से 6 से ज्यादा लोगों को कुचला, तीन की हालत गंभीर
अधिकारियों का मानना है कि नल-जल योजना के जरिए जल आपूर्ति से आंत्रशोथ फैलने की आशंका है। एहतियातन इसकी सप्लाई रोक दी गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार घर-घर जाकर जल स्रोतों की जांच कर रहा है, ORS बांट रहा है और साफ-सफाई की अपील कर रहा है। ग्रामीणों से कहा गया है कि साफ पानी पीएं, बाहर का खाना न खाएं और लक्षण दिखते ही तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बुधवार को एक नया मामला सामने आया है। अब तक 56 मरीज मिले हैं, जिनमें से 4 की मौत हुई है। बाकी मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि हालात न बिगड़ें।