मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की पुलिस को हत्या के एक मामले में बीते 8 सालों से फरार चल रहे बदमाश को पकड़ने में सफलता हाथ लगी है। इस दौरान आरोपी पर 15000 रु का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और आखिर में असम के गुवाहाटी से सुराग निकालते हुए उसे पकड़ा है, जहां वह अपने भाई की कंपनी में एयरपोर्ट पर सुपरवाइजर का काम कर रहा था, और प्लेन से आना जाना करता था। इसी बीच पुलिस को उसका सुराग लगा, और प्लेन के टिकट से उसकी जानकारी निकालते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। वहीं पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी रोते हुए घटना को लेकर पछतावा कर रहा था। बता दें कि करीब 8 साल पहले आरोपी हनुमान ने अपने खेत में जेसीबी चलाने को लेकर विवाद करते हुए जेसीबी चालक साजिद को सर और गले में गोली मार दी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह फरार था।
8 साल पुराना यह था पूरा घटनाक्रम
खंडवा जिले के किल्लौद थाने मे करीब 8 साल पहले दिनांक 22 फरवरी 2017 को राजस्थान के रहने वाले एक युवक सहरून ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने चाचा साजिद के साथ मिलकर जेसीबी चलाने का काम करता है। इस बीच ग्राम बरमलाय में हनुमान विश्नोई पिता गोपाल विश्नोई निवासी मंडी आदमपुर जिला हिसार हरियाणा के खेत मे युवक अपने चाचा साजिद के साथ जेसीबी से रोजाना 10 घण्टे गड्ढे खोदने का काम कर रहे थे, लेकिन हनुमान विश्नोई उन्हें 12 घंटे जेसीबी चलाने को कह रहा था। जिस पर युवक के चाचा साजिद ने जब मना कर दिया तो उन्हें गालियां देकर उनके साथ मारपीट की गई और फिर आरोपी हनुमान ने देशी कट्टे से साजिद के सिर व गले मे गोली मार दी। घटना के बाद घायल साजिद की अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद से ही आरोपी हनुमान विश्नोई फरार था, और उसकी गिरफ़्तारी हेतु 15,000 रुपए का ईनाम भी घोषित किया गया था।
इंडिगो फ्लाइट के टिकट से इस तरह खुला आरोपी का राज
एसपी ने बताया कि, इस मामले में एक पुलिस टीम बनाकर 5 दिन पहले गुवाहाटी भेजा गया। जहां मालूम चला कि आरोपी हनुमान गुवाहाटी में बन रहे नए एयरपोर्ट में पर अपने भाई की कंस्ट्रक्शन कंपनी एलिस में सुपरवाइजर का काम कर रहा है। पुलिस ने जब उसके आने जाने की जानकारी जुटाई तो मालूम चला कि, 22 अगस्त को इंडिगो की एक फ्लाइट से आरोपी दिल्ली से आया था। इसके बाद एयरपोर्ट से उसके फुटेज निकलवाए गए और कंफर्म किया । इसके बाद एक फ्लैट में रेड कर आरोपी हनुमान को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उन्होंने बताया कि आरोपी करीब 8 साल से फरार था। इस दौरान वह राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा सहित उत्तर प्रदेश में फरारी काट रहा था। इसके बाद अब उसका रिमांड लेकर घटना के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जाएगी। साथ ही इस मामले में पुरी पुलिस टीम को इनाम से भी पुरस्कृत किया जाएगा।
8 साल बाद साजिद का हत्यारोपी हनुमान चढ़ा पुलिस के हत्थे- फोटो : credit