मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के भकराडा गांव में मुरम के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया जांच के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें देखकर मुरम निकाल रहे चार ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने पटवारी पर ही ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचलने की कोशिश की।
घटना के बाद पटवारी की शिकायत पर जावर थाने में अवैध उत्खनन और जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं तथा पांचों वाहनों के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पढ़ें: : 'ये लड़ाई आसान नहीं थी', भाजपा की जीत पर बोले कैलाश विजयवर्गीय; कैसा रहा उनका संघर्ष? जानें
खंडवा एडीएम काशीराम बड़ोले ने बताया कि घटना 3 अप्रैल, रविवार की है। गश्त के दौरान पटवारी मयंक फुलेरिया को भकराडा गांव में अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मुरम निकालते पाए गए। रोकने की कोशिश करने पर सभी चालक वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन जेसीबी गड्ढे में फंस गई।
घटना की जानकारी पटवारी ने नायब तहसीलदार और तहसीलदार को दी। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात जावर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जेसीबी चालक सहित दो ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार किया है, जबकि बिना नंबर के दो ट्रैक्टर और उनके चालक फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।