खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। भीकनगांव थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक दीपक यादव का नशे की हालत में थाने के भीतर हंगामा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में आरक्षक वर्दी में नशे की हालत में नजर आ रहा है। वीडियो में वह अपने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बदसलूकी करता दिखाई दे रहा है, वहीं एक महिला उपनिरीक्षक के साथ भी अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है। फुटेज में यह भी स्पष्ट है कि थाना प्रभारी गुलाब सिंह रावत की मौजूदगी में ही आरक्षक अनुशासनहीनता की सभी सीमाएं लांघता दिखाई दे रहा है।
मामले के सामने आते ही पुलिस विभाग ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। खरगोन पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक दीपक यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे पुलिस लाइन अटैच करते हुए विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- जहरीले पानी से अब तक 12 मौतें, पांच माह के नवजात को भी मिली गंदे पानी की सजा-ए-मौत
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरक्षक द्वारा थाने के भीतर नशे की हालत में अभद्र व्यवहार किया गया है, जो पुलिस विभाग की मर्यादा और अनुशासन के विपरीत है। ऐसे आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर जिलेभर में चर्चा का माहौल है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरक्षक के खिलाफ और भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।