मंडला जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नर्मदा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से नगर के माहिष्मती घाट स्थित छोटा रपटा पुल पूरी तरह डूब गया है। पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
इधर, धुआंधार जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण बम्हनी-मुगदरा मार्ग की पुलिया भी जलमग्न हो गई है। पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के बीच लोगों के जान जोखिम में डालकर नाला पार करने का वीडियो सामने आया है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे जोखिम भरे प्रयास न करने की अपील की है।
नर्मदा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। बढ़ते जलस्तर के कारण नर्मदा तट पर स्थित कई मंदिर धीरे-धीरे जलमग्न हो रहे हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। छोटा रपटा पुल के दोनों ओर होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम तैनात की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति डूबे हुए पुल को पार न कर सके। प्रशासन ने नागरिकों से नर्मदा तट, डूबे हुए पुलों और उफनते नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक रूप से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- MP विधानसभा: 'कीड़ा' टिप्पणी पर घमासान, रिकॉर्ड देखने के बाद स्पीकर बोले- विजयवर्गीय ने यह शब्द नहीं कहा
1.87 इंच वर्षा
जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन 1.87 इंच वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, 1 जून से 22 जुलाई तक जिले में कुल 15.62 इंच औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में दर्ज 38.65 इंच वर्षा की तुलना में काफी कम है। तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, मंडला में 20.27 इंच, नैनपुर में 17.83 इंच, बिछिया में 17.86 इंच, घुघरी में 19.30 इंच, निवास में 10.92 इंच तथा नारायणगंज में 6.28 इंच वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई तक जिले में अनेक स्थानों पर बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विशेष रूप से 22 और 23 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।