नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को दबोचकर सख्त कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों का शहर में जुलूस निकाला, जहां आरोपी लंगड़ाते हुए नजर आए। इस दौरान वे कहते दिखाई दिए “पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है।” पुलिस की इस कार्रवाई को असामाजिक तत्वों पर सख्त संदेश और आमजन में भरोसा बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 15 मई की शाम की है। सचिन इलेक्ट्रॉनिक के संचालक सचिन जायसवाल को आरोपियों ने फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। कॉल करने वाले ने खुद को रज्जू पुरबिया गैंग से जुड़ा बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
पढे़ं: समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने की खारिज, जानें अब आगे क्या?
कुछ देर बाद बाइक सवार दो बदमाश दुकान पर पहुंचे और फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। एक आरोपी ने दुकान संचालक को एक पर्ची दी, जिस पर लिखा था “रज्जू पुरबिया का तोहफा।” इसके बाद आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायर करने की कोशिश की, लेकिन हथियार मिसफायर हो गया और गोली नहीं चली। इससे बड़ा हादसा टल गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपी हथियार लहराते नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को थाने से कोर्ट तक पैदल ले जाकर सख्त संदेश दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।