पन्ना पुलिस ने गड़ा धन निकालने के नाम पर की गई बड़ी ठगी का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में हुई इस धोखाधड़ी में आरोपियों ने लोगों को झांसे में लेकर कुल 6 लाख 81 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से इस मामले में न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, बल्कि ठगी की गई बड़ी रकम और उपयोग में लाई गई सामग्री भी बरामद की गई है।
देवी मंदिर के पास गड़ा धन खोदने की साजिश
मामला देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र का है, जहां फरियादी आनंद सिंह धोबी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फरियादी ने बताया कि कुछ लोगों ने झारखंड माता मंदिर क्षेत्र में गड़ा धन होने की बात कहकर उसे लालच दिया। आरोपियों ने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए गड़ा धन निकाला जा सकता है। इस झांसे में आकर फरियादी और उसके साथियों से अलग-अलग चरणों में नकद राशि ली गई।
ये भी पढ़ें- विदेशी महिला के जाल में फंसा 75 साल का व्यापारी, 1.41 करोड़ ठगे, 12 राज्यों के खातों में भिजवाया पैसा
29 और 30 जनवरी 2026 को आरोपियों ने पूजा और अनुष्ठान के नाम पर फरियादी से कुल 6 लाख 81 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद जब फरियादी को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने देवेंद्रनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस की सख्ती से टूटे आरोपी
थाना प्रभारी देवेंद्रनगर संतोष यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर 1 फरवरी 2026 को तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नसीम खान (60 वर्ष), गफ्फार खान (46 वर्ष) और राहुल कुशवाहा (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं और पहले भी लोगों को इसी तरह गुमराह करने का प्रयास कर चुके थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 50 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक कार जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये है, और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 18 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ देवेंद्रनगर थाने में अपराध क्रमांक 51/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि गड़ा धन, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किसी भी प्रकार के लालच में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक पन्ना ने टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की है।