रतलाम जिले के सैलाना नगर में सराफा दुकान से लाखों रुपये के जेवर चुराने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक झाबुआ जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने रैकी कर वारदात की थी। उनके पास से करीब नौ लाख रुपये के जेवर, एक पिस्टल, कारतूस व चोरी की एक बाइक भी जब्त की गई है। आरोपियों ने अनेक स्थानों पर चोरी की वारदातें करना कबूल की है।
एसपी अमित कुमार ने सोमवार दोपहर पत्रकार वार्ता में बताया कि 20 व 21 मई 2026 की दरमियानी रात दुकान संचालक प्रेम जैन की सैलाना के चंद्रशेखर मार्ग पर जैन मंदिर के पास स्थित दुकान के शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से काटकर अज्ञात चोर दुकान में घुसे थे। चोर दुकान से करीब साढ़े चार किलो चांदी के जेवर व करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चुराकर ले गए थे। चोरी गए जेवरों कीमत करीब नौ लाख है। प्रेम जैन की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया। चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन व सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में सैलाना थाना सैलाना, बिलपांक व रावटी रावटी एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
ये भी पढ़ें- त्विषा की सास की अग्रिम जमानत पर सुनवाई अब 27 मई को, हाईकोर्ट से इस बात के लिए मिला समय
जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों व मुखबिरों की मदद से चोरों का पता लगाया गया तो जानकारी मिली कि वारदात आरोपी 25 वर्षीय आनंद गुर्जर पिता सुंदरलाल गुर्जर व 30 वर्षीय विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन दोनों निवासी झकनावदा जिला झाबुआ ने की है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने साराफा दुकान में चोरी करना तथा जेवरों को आपस में बांटकर करिया-दौलतपुरा मार्ग पर एक जगह गड्ढा खोदकर उसमें छिपाना बताया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी गए जेवर जब्त किए गए। साथ ही उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, कारतूस का एक खाली खोखा, बगैर नंबर की एक बाइक, घटना में प्रयुक्त ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर एवं अन्य औजार जब्त किए गए।
ऑपेरशन सुरक्षा कवच के तहत लगाए गए कैमरों से मिली सुरक्षा
एसपी ने बताया कि रतलाम पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा कवच के माध्यम से जनसहयोग से रतलाम शहर में लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका फीड सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर लिया गया है। लगभग 260 शासकीय कैमरे लगाए गए हैं। कैमरे की मदद से आरोपियों को ट्रैक किया गया। घटना स्थल के फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर प्रवेश कर ज्वेलरी को पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में भरते हुए दिखाई दिया। वहीं दूसरा आरोपी बाहर निगरानी करता पाया गया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया।
मंदसौर, चित्तौड़गढ़ सहित अन्य स्थानों पर की वारदातें
पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिन पहले सैलाना के र्तिविहार में चोरी करना, थाना बिलपांक क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम कमेड में हिंगलाज माता मंदिर चोरी की घटना को अंजाम देना तथा पेटलावद एवं झाबुआ क्षेत्र में भी चोरी एवं नकबजनी की वारदातों में संलिप्त होना स्वीकार किया गया है। इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा ग्राम दलौदा जिला मंदसौर से एक बाइक तथा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में स्थित सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से भी एक बाइक चोरी करना बताया है। संबंधित वारदातों संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

एसपी अमित कुमार जानकारी देते हुए।