मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल से संवेदनहीनता और लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खोल दी है। यहाँ के महिला वार्ड में मरीजों के बीच एक आवारा कुत्ता न केवल घूमता रहा, बल्कि एक खाली पलंग पर चढ़कर आराम से सोता हुआ भी पाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वार्ड नंबर-6 का मामला, सुरक्षा व्यवस्था नदारद
जानकारी के अनुसार, यह मामला रविवार देर रात महिला मेडिसिन वार्ड नंबर-6 का है। वार्ड में कई महिला मरीज भर्ती थीं, जिनके बीच यह कुत्ता काफी देर तक मंडराता रहा। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुत्ता मरीज के बिस्तर पर बिना किसी डर के सोया हुआ है।
पढ़ें: सीधी के रामपुर नैकिन में जंगली हाथियों की दस्तक, कई गांवों में अलर्ट जारी; वन टीम की सर्चिंग तेज
मरीजों की जान को खतरा
अस्पताल में आवारा जानवरों की मौजूदगी से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। मरीजों के परिजनों का कहना है कि रात के समय वार्डों में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहता, जिससे अक्सर जानवर अंदर घुस आते हैं। इससे पहले भी इस तरह की शिकायतें आ चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सुरक्षा एजेंसी को थमाया नोटिस
मामला तूल पकड़ते ही अस्पताल प्रबंधन बचाव की मुद्रा में आ गया है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही सख्त कदम उठाए गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद हमने सुरक्षा एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वार्डों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. आर.एस. जयंत, सिविल सर्जन