सागर जिले के राहतगढ़ थाना अंतर्गत सीहोरा चौकी पुलिस ने सेमाढाना रोड पर देर रात एक जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने छापा मारकर 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 1 लाख 4 हजार 270 रुपए नकद, कार, बाइक, मोबाइल सहित कुल 10 लाख रुपए का सामान जब्त किया। जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीहोरा-सेमाढाना रोड पर कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और मौके पर छापा मारा। पुलिस को देख जुआरी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
10 लाख से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 1 लाख 4 हजार 270 रुपए नकद, 3 ताश की गड्डियां, कार (क्रमांक MP 9 ZX 8704), तीन मोटरसाइकिलें (क्रमांक MP 15 M 2861, MP 15 MA 6858, MP 15 NP 0607), 7 मोबाइल फोन समेत कुल 10 लाख 6 हजार 270 रुपए का सामान जब्त किया।
विदिशा, रायसेन और इंदौर के जुआरी भी पकड़े गए
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नीरज लोधी ने बताया कि इस जुआ फड़ का संचालन जगभान पटेल उर्फ लल्ला (निवासी सेमाढाना), सचिन (निवासी ग्राम हरदौट बेगमगंज), अनिल पटेल और गोलू बेड़िया (निवासी राहतगढ़) कर रहे थे। इस जुए के अड्डे पर सागर जिले के अलावा विदिशा, रायसेन और इंदौर से भी जुआरी खेलने आए थे, जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच जारी
सभी जुआरियों को पुलिस थाने ले जाकर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है ताकि जुए के इस संगठित नेटवर्क के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।