सीहोर जिला मुख्यालय के समीप स्थित विश्वप्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में शुक्रवार 24 जुलाई से पांच दिवसीय गुरु महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। महोत्सव को लेकर देशभर से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। आयोजन शुरू होने से एक दिन पहले ही कथा पंडाल श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया, जबकि होटल, धर्मशालाएं और ठहरने के अधिकांश स्थान भी हाउसफुल हो चुके हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने सुरक्षा से लेकर भोजन, चिकित्सा, यातायात और स्वच्छता तक व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
एक दिन पहले ही कथा पंडाल और ठहरने की व्यवस्था फुल
गुरु महोत्सव के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह इस बार भी चरम पर है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुवार से ही कुबेरेश्वरधाम पहुंचने लगे। स्थिति यह रही कि कथा पंडाल आयोजन शुरू होने से पहले ही श्रद्धालुओं से भर गया। वहीं आसपास के होटल, धर्मशालाएं और निजी आवासों में भी ठहरने की सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी तरह भर चुकी हैं। आयोजन स्थल पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही।
शिव महापुराण कथा और गुरु दीक्षा महोत्सव का रहेगा विशेष आकर्षण
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि गुरु महोत्सव के अंतर्गत 25 जुलाई से 28 जुलाई तक प्रतिदिन शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को एक दिवसीय गुरु दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई हैं।
ये भी पढ़ें- प्रदेश के पहले डबलडेकर ब्रिज को ट्रैफिक के लिए खोला, सीएम ने किया लोकार्पण
भव्य कथा पंडाल और विशाल भोजन प्रसादी स्थल तैयार
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग एक लाख 80 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में स्थायी कथा पंडाल बनाया गया है, जहां एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव महापुराण कथा का श्रवण कर सकेंगे। इसके अलावा करीब 50 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल भोजन प्रसादी स्थल तैयार किया गया है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित समिति के सदस्यों ने भोजन प्रसादी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के किए व्यापक इंतजाम
मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की हैं। पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने दिया शिव भक्ति का संदेश
गुरुवार को श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि महादेव की भक्ति में जो खो गया, वह दुनिया की हर चिंता से मुक्त हो गया, क्योंकि शिव ही सच्ची शांति हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के नाम का निरंतर स्मरण करने, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया भगवान शिव का स्मरण जीवन में सुख, शांति और आत्मिक आनंद प्रदान करता है।
भक्ति के रंग में रंगा कुबेरेश्वरधाम
गुरु महोत्सव के शुभारंभ से पहले ही पूरा कुबेरेश्वरधाम श्रद्धा और आस्था के रंग में सराबोर नजर आ रहा है। चारों ओर हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। समिति और प्रशासन का दावा है कि इस बार भी गुरु महोत्सव शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और आने वाले दिनों में यहां भक्तों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है।

कुबेरेश्वरधाम में शुक्रवार से गुरु महोत्सव