सिवनी जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी प्राकृतिक आपदा और प्रशासनिक अनदेखी के बीच बुधवार को कोतवाली थाना अंतर्गत खैरीटेक क्षेत्र में एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक उफनते नाले में पैर फिसलने से चार साल के मासूम बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
घटना खैरीटेक क्षेत्र की है, जहां नाले के बिल्कुल किनारे बने एक मकान में यादव परिवार रहता है। बुधवार को रोज़ की तरह सुनीता यादव अपने चार वर्षीय इकलौते बेटे ऋषि यादव को घर के पीछे शौच के लिए ले गई थीं। मकान के ठीक पीछे से एक बरसाती नाला गुजरता है, जो लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इन दिनों रौद्र रूप धारण कर चुका था और उसमें पानी का बहाव बेहद तेज था। शौच के दौरान अचानक मासूम ऋषि का पैर फिसल गया और वह पलक झपकते ही सीधे गहरे और तेज बहाव वाले नाले में जा गिरा। पानी की लहरें मासूम को अपनी चपेट में लेकर आगे बहाने लगीं। अपने कलेजे के टुकड़े को आंखों के सामने मौत के मुंह में जाते देख मां सुनीता का मातृत्व जाग उठा। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना, बिना एक पल गंवाए बेटे को बचाने के लिए उस उफनते नाले में छलांग लगा दी।
ये भी पढ़ें- नरवर किले से चोरी गई तोप की करौली में तलाश, मेटल डिटेक्टर और जेसीबी से भी नहीं मिला सुराग
सुनीता ने नाले के तेज बहाव के बीच बेटे को पकड़ने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन पानी का वेग इतना ज्यादा था कि वह खुद को भी संभालने में असमर्थ होने लगीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद मां सुनीता को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक मासूम ऋषि पानी के तेज बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो चुका था।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम को दी गई। बचाव दल और स्थानीय तैराकों ने नाले में खोजबीन शुरू की। घटना स्थल से कुछ दूरी पर मासूम ऋषि का अचेत शरीर बरामद हुआ। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे को खो देने के गम में मां बदहवास है, जो अपनी जान पर खेलकर भी अपने बच्चे को नहीं बचा सकी। इस घटना ने पूरे सिवनी जिले में शोक की लहर दौड़ा दी है।