सिवनी जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के पास ट्रक में आग लगने की सूचना पर मौके के लिए रवाना हुआ छपारा पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में छपारा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, NH-44 पर बंजारी घाटी के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही छपारा पुलिस का दल मौके के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान बंजारी घाटी के पास पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
पढ़ें: कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबने से महिला की मौत; आधे घंटे बाद निकाला शव
उधर, ट्रक में लगी आग बुझाने के लिए लखनादौन से दमकल वाहन और राहत दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और दमकल के देर से पहुंचने के कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई। बताया जा रहा है कि दमकल वाहन का पानी भी जल्द खत्म हो गया, जिसके बाद ट्रक पूरी तरह जल गया।
इससे मौके पर मौजूद ट्रक चालक और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। हंगामे के दौरान एक स्थानीय पत्रकार का कैमरा छीने जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद लखनादौन और छपारा पुलिस की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।