शहर के कन्या महाविद्यालय के सामने स्थित भगवान हनुमान और भगवान शनि देव के मंदिर में हुई चोरी की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। यह घटना सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि आस्था के साथ अपराध का एक विरोधाभास भी पेश करती है, क्योंकि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
मिली जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल की रात करीब 1 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वह पहले मंदिर के बाहर अपने जूते उतारता है, फिर गेट को छूकर प्रणाम करता है। इसके बाद वह अंदर प्रवेश कर भगवान हनुमान की मूर्ति के पास पहुंचता है और श्रद्धा से सिर झुकाता है।
इसके बाद वह हनुमानजी के मुकुट को निकालने की कोशिश करता है, लेकिन जब सफल नहीं होता तो उनके गालों को छूकर मानो आशीर्वाद लेता है और उन्हें चूमता है। फिर वह पीछे स्थित भगवान शनि देव के मंदिर में जाता है, वहां भी विधिवत प्रणाम करता है और मौके का फायदा उठाकर शनि देव का चांदी का मुकुट चोरी कर लेता है।
ये भी पढ़ें: Indore News: सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी भारी, 12 साल की छात्रा से दुष्कर्म
हैरानी की बात यह है कि 12 अप्रैल की रात लगभग उसी समय वह चोर फिर से मंदिर पहुंचता है। इस बार वह सीधे हनुमानजी के पास जाता है, उन्हें प्रणाम करता है और उनका चांदी का मुकुट व हाथों के कड़े चुरा लेता है। वारदात के बाद वह फिर से भगवान के चरण स्पर्श करता है, बाहर जाकर अपने जूते पहनता है और आराम से निकल जाता है।
सोमवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो दोनों घटनाओं का खुलासा हुआ। पहले शनि देव और फिर हनुमानजी के आभूषण चोरी होने से मंदिर में हड़कंप मच गया। पुजारी ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज देखा और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय मामले की जांच में जुटे हैं, हालांकि अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय निवासी बृजभूषण मिश्रा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक ही मंदिर में चार दिन के भीतर दो बार चोरी होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
वहीं इस मामले में पुलिस विभाग की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। सीधी के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने न तो फोन रिसीव किया और न ही किसी संदेश का जवाब दिया। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले में कोई भी पुलिस अधिकारी खुलकर बयान देने से बचता नजर आ रहा है।