आजादी का जश्न शुक्रवार को सीधी जिले के ऐतिहासिक छत्रसाल स्टेडियम में अनोखे अंदाज में देखने को मिला, जहां स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मंच पर सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।
सुबह ठीक 9 बजे जैसे ही तिरंगा फहराया गया, पूरा स्टेडियम भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। राष्ट्रगान के साथ ही आकाश में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारे देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर रहे थे। परेड का नेतृत्व एसडीईआरएफ के प्लाटून कमांडर मयंक तिवारी ने किया। इस परेड में पुलिस बल, स्वास्थ्यकर्मी, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उनकी सटीक कदमताल और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह की तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।
ध्वजारोहण और परेड के बाद प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें विकास, एकता और समृद्ध भारत के संकल्प को दोहराया गया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया।
ये भी पढ़ें:
21 लाख का घर बनवाया, हथेलियां बिछाकर शहीद की मां को कराया प्रवेश, देखिए दिल छू लेने वाली तस्वीरें
इसके बाद आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू हुईं, जिनमें देशभक्ति गीत, लोकनृत्य और झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। विभिन्न विभागों की झांकियों में जिले की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की झलक दिखाई दी, वहीं बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरा स्टेडियम तिरंगे के रंगों में सराबोर नजर आ रहा था। हर उम्र के लोग हाथों में झंडे लिए देशभक्ति के इस पर्व में डूबे हुए थे। यह कार्यक्रम न केवल आजादी का जश्न था, बल्कि एकजुटता और गर्व का प्रतीक भी बना।
ये भी पढ़ें:
किले में कैद थे 370 फिरंगी, बाहर क्रांतिकारियों का डेरा, सात माह बाद ऐसे बचे